
शिक्षका (Photo AI)
UP Teachers Promotion News 2026: उत्तर प्रदेश के राजकीय माध्यमिक स्कूलों में सालों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे करीब 4350 शिक्षकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान 30 सितंबर 2026 तक हर हाल में प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी करने का लिखित आश्वासन दिया है।
राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के संरक्षक रामेश्वर पांडेय ने बताया कि एलटी ग्रेड से प्रवक्ता पद पर पुरुष संवर्ग में 2200 और महिला संवर्ग में 1800 शिक्षकों की प्रोन्नति लंबित है। पुरुष शिक्षकों की पिछले 15 वर्षों से जबकि महिला शिक्षकों की 10 वर्षों से पदोन्नति नहीं हो पाई है। वहीं प्रवक्ता से राजपत्रित अधिकारी पद पर पिछले दो वर्षों से 350 शिक्षकों की प्रोन्नति भी अटकी हुई है। इस लंबे इंतजार के कारण शिक्षकों में काफी रोष था।
नियमों के मुताबिक एलटी ग्रेड से प्रवक्ता पद पर पांच साल की सेवा पूरी करने पर प्रोन्नति का प्रावधान है। प्रवक्ता पद पर 12 साल की सेवा के बाद इंटर कॉलेज में उप प्रधानाचार्य या हाईस्कूल में प्राचार्य बनाया जाता है। प्रवक्ता पद पर सीधी भर्ती वाले शिक्षकों को तीन साल की सेवा के बाद उप प्रधानाचार्य या प्राचार्य का मौका मिलता है। दो वर्ष की सेवा के बाद इंटर कॉलेज में प्राचार्य या बीएसए पद पर भी प्रोन्नति संभव है।
शिक्षक संघ ने आकांक्षी जिलों में तैनात शिक्षकों के तबादले, तदर्थ राजकीय शिक्षकों को रिटायरमेंट के बाद तदर्थ सेवा का लाभ दिए जाने सहित कई अन्य मांगें भी निदेशक के समक्ष रखीं। निदेशक के आश्वासन के बाद शिक्षकों ने अपना प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल टाल दिया है।
इधर, परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों के नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने उद्गम पोर्टल तैयार किया है। इस पोर्टल पर शिक्षकों के नवप्रयोगों के वीडियो अपलोड किए जाएंगे, जिससे अन्य शिक्षक भी प्रेरित होकर उन्हें लागू कर सकें। इससे स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्र संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह आश्वासन उन हजारों शिक्षकों के लिए राहत की खबर है, जो लंबे समय से करियर में आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे थे।
Updated on:
12 Aug 2026 07:27 pm
Published on:
12 Aug 2026 07:27 pm
