1 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘एयरपोर्ट पर नाव चलेगी?’ अखिलेश के तंज पर भड़के जेवर विधायक, बोले- विकास नहीं दिखेगा तो गड्ढे ही नजर आएंगे

Jewar Airport News: अब क्या एयरपोर्ट पर नाव चलेगी? नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव को लेकर अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट कर BJP सरकार पर तंज कसा था। अब जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने अखिलेश के तंज पर जवाबी पलटवार करते हुए कहा है, 'जिन्हें विकास नहीं दिखता, उन्हें सिर्फ गड्ढे नजर आते हैं।'
2 min read
Google source verification

लखनऊ

•

image

Mohsina Bano

•

Aug 12, 2026

Noida International Airport, Jewar Airport, Akhilesh Yadav, Jewar MLA Dhirendra Singh

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का अखिलेश पर पलटवार (फोटो- पत्रिका)

Noida International Airport Viral Video: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संपर्क मार्ग पर हुए जलभराव को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासत गरमा गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर योगी सरकार पर तंज कसा था। अब उनके इस बयान पर जेवर से BJP विधायक धीरेंद्र सिंह ने जवाबी पलटवार किया है। विधायक ने कहा है कि जिन्हें जेवर का विकास नहीं दिखता, उन्हें सिर्फ गड्ढे और पानी ही नजर आते हैं।

'अब क्या एयरपोर्ट पर नाव चलेगी?'

दरअसल मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल और पार्किंग को जोड़ने वाले रास्ते पर पानी भर गया था। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो को साझा करते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा था कि क्या अब एयरपोर्ट पर नाव चलेगी? उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए यह भी लिखा, 'जहां भाजपा सरकार, वहां महा-भ्रष्टाचार।'

विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया पलटवार

अखिलेश यादव के तंज पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सपा प्रमुख को जवाब देते हुए कहा कि जिन लोगों को जेवर का यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व विकास दिखाई नहीं देता उन्हें सिर्फ गड्ढे और पानी ही नजर आएंगे। उन्होंने पूर्व की सरकारों की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सिर्फ कागजों और चर्चाओं तक ही सीमित था। आज वही बड़ी परियोजना जमीन पर उतर रही है और जेवर विकास की एक नई पहचान बन रहा है। इलाके में बहुत तेजी से विकास हुआ है और बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।

30 मिनट में निकाल दिया गया सारा पानी

दूसरी ओर एयरपोर्ट प्रशासन ने इस पूरे मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश के कारण कुछ समय के लिए वहां जलभराव जरूर हुआ था लेकिन करीब 30 मिनट के अंदर ही सारा पानी वहां से निकाल दिया गया। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों को दूसरे वैकल्पिक रास्ते से भेजा गया था। प्रशासन का साफ कहना है कि इस जलभराव का असर न तो उड़ानों के संचालन पर पड़ा है और न ही यात्रियों को आने-जाने में कोई परेशानी हुई। फिलहाल एयरपोर्ट परिसर में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।