20 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Holi News 2026: होली पर होगी एक्स्ट्रा कमाई! इन्हें मिलेंगे एकमुश्त 4500 रुपये; 28 फरवरी से शुरू हो रही खास योजना

Holi News 2026: यूपी परिवहन निगम होली पर विशेष प्रोत्साहन योजना चलाने जा रहा है जिसमें बस ड्राइवरों को 4500 रुपए तक एक्स्ट्रा मिलेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए 13 हजार से अधिक बसें चलेंगी और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Namrata Tiwary

image

Namrata Tiwary

Feb 20, 2026

bus pic

प्रतीकात्मक तस्वीर - एआइ

Holi News 2026: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने होली के त्योहार पर यात्रियों को उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए कमर कस ली है। विभाग ने इस दौरान दिन-रात सेवा देने वाले अपने ड्राइवरों और कंडक्टरों के लिए एक विशेष प्रोत्साहन योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी के आधार पर 4500 रुपए तक की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

10 दिनों तक लागू रहेगी विशेष योजना

होली के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए परिवहन निगम ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। यह विशेष प्रोत्साहन योजना 28 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च तक प्रभावी रहेगी। इस 10 दिनों की अवधि में विभाग ने 20 से अधिक क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा बसें चलाने का फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों के साथ-साथ उनके फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।

किसे मिलेगा कितना पैसा?

निगम ने कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन राशि के अलग-अलग स्लैब तय किए हैं। जो ड्राइवर और कंडक्टर इस अवधि में लगातार 10 दिनों तक ड्यूटी करेंगे और रोजाना 300 किलोमीटर बस चलाएंगे, उन्हें ₹450 प्रतिदिन के हिसाब से एकमुश्त ₹4,500 की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं, कम से कम 9 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को ₹400 प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा, अगर कोई कर्मचारी तय मानक से ज्यादा किलोमीटर बस चलाता है, तो उसे 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अलग से मानदेय दिया जाएगा।

आउटसोर्स कर्मचारियों को भी लाभ

यह योजना सिर्फ ड्राइवरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वर्कशॉप में काम करने वाले कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला में कार्यरत संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को 10 दिन ड्यूटी करने पर ₹2,100 की राशि दी जाएगी। वहीं, 9 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को ₹1,800 की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इस योजना से कुल 40 हजार से अधिक ड्राइवरों और कंडक्टरों को सीधा फायदा पहुंचने वाला है।

अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

त्योहार के दौरान यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने निर्देश दिए हैं कि सभी 13 हजार से अधिक बसों को सड़कों पर उतारा जाए। विशेष रूप से दिल्ली से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आने वाले यात्रियों के लिए सबसे ज्यादा बसें चलाई जाएंगी। बेहतर काम करने वाले क्षेत्रीय प्रबंधकों को ₹10,000 और सेवा प्रबंधकों को ₹5,000 तक का पुरस्कार भी दिया जाएगा।