शिवपाल को बैठना पड़ेगा पीछे
उत्तर प्रदेश सरकार के दबंग मंत्रियों में सुमार रहे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव विधानसभा में कहां बैठेंगे इसको लेकर अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पहली बार शिवपाल यादव असहाय हैं। उन्हें पता ही नहीं है कि यूपी की विधान सभा में वे अपनी बात किस सीट से उठाएंगे। सदन में वे कहां और किस कुर्सी पर बैठेंगे? समाजवादी पार्टी सत्ता में रही हो या न रही हो शिवपाल पहली ही पंक्ति में बैठते थे। कुछ माह पहले तक शिवपाल अखिलेश सरकार के सबसे शक्तिशाली मंत्री थे। मंत्रिमंडल में उनकी नंबर टू की हैसियत थी। तब सदन में उनके बैठने का स्थान तय था। वे पहली लाइन में सीएम के बगल बैठते थे। लेकिन, वर्चस्व की लड़ाई में भतीजे अखिलेश ने उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। अब वे मंत्री नहीं महज विधायक हैं। इसलिए सदन में उनके बैठने की कुर्सी भी छिन चुकी है। उन्होंने, विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद से पूछा है - माननीय बताएं, हम कहां बैठें। हमारी सीट कहां होगी? अभी तक उनकी चिट्ठी का जबाब नहीं दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष का कहना है कि शिवपाल वरिष्ठ सदस्य हैं उन्हें सदन में सम्मानजनक स्थान दिया जाएगा।