
2022 में 31 करोड़ लोगों का हुआ आगमन
उत्तर प्रदेश में साल 2022 में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की आने में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। एक ताजा रिपोर्ट में यह बात पता चली है। उद्योग मंडल ‘एसोचैम’ और उसके सहयोगी ‘माई अतिथि डॉट ग्लोबल’ की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2021 में घरेलू पर्यटकों की आने के मामले में उत्तर प्रदेश ने 10 करोड़ 97 लाख की संख्या के साथ देश में दूसरा स्थान हासिल किया था। मगर वर्ष 2022 में इसमें अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2022 में करीब 190 प्रतिशत की चौंकाने वाली वृद्धि के साथ 31 करोड़ 79 लाख पर्यटक उत्तर प्रदेश पहुंचे। दूसरी ओर, वर्ष 2021 में जहां मात्र 44,737 विदेशी पर्यटक उत्तर प्रदेश आए थे। वहीं, साल 2022 में 1350 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि के साथ यह आंकड़ा छह लाख 40 हजार हो गया।
"निजी क्षेत्र के बीच साझेदारी होना बहुत जरूरी"
एसोचैम के महासचिव दीपक सूद ने PTI से बताया कि राज्य सरकार की रणनीतिक योजनाओं और अनूठी पहल के कारण उत्तर प्रदेश को देश में पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरने का मौका मिल रहा है। इस क्षेत्र में विकास को और गति देने के लिए सरकार और निजी क्षेत्र के बीच साझेदारी होना बहुत जरूरी है।
सूद ने कहा कि स्थानीय समुदायों, कलाकारों और उद्यमियों को शामिल करके उत्तर प्रदेश को निजी-सार्वजनिक भागीदारी के माध्यम से पर्यटन का एक ठोस बुनियादी ढांचा विकसित करने के साथ-साथ अपनी संस्कृति को संरक्षित करने की दिशा में काम करना चाहिए।
राज्य सरकार को पर्यटन क्षेत्र में देना चाहिए बढ़ावा
माय अतिथि डॉट ग्लोबल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौतम मेहरा ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने में राज्य सरकार का रवैया ऐसा होना चाहिए। इससे आतिथ्य, पर्यटन और यात्रा क्षेत्र में कुटीर, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) का भी सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि क्योंकि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, इसलिए उसे अन्य राज्यों को भी ऐसी ही रूपांतरणकारी यात्रा शुरू करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उत्तर प्रदेश अपने यहां एमएसएमई को मजबूत करके और पर्यटन क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करके अपने आर्थिक विकास को एक नया मुकाम दे सकता है।
रिपोर्ट में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन विकास में तालमेल स्थापित करने की जरूरत पर जोर दिया गया है। यह रिपोर्ट पर्यटन क्षेत्र में सतत विकास के लिए एक ब्लूप्रिंट उपलब्ध कराती है। आतिथ्य, पर्यटन और यात्रा क्षेत्र के एमएसएमई की भूमिका को और बढ़ाना इसका महत्वपूर्ण पहलू है। इन उद्योगों का स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं पर गहरा असर पड़ता है और लागत एवं लाभ का उचित वितरण सुनिश्चित होता है।
Updated on:
30 Aug 2023 07:01 pm
Published on:
30 Aug 2023 07:00 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
