
Quick Read: शरद त्रिपाठी के नाम से जाना जाएगा हरनही-सोरबरसा मार्ग
शरद त्रिपाठी के नाम से जाना जाएगा हरनही-सोरबरसा मार्ग
गोरखपुर. गोरखपुर और संतकबीरनगर की सरहद को जोड़ने वाले हरनही-सोरबरसा मार्ग को संतकबीरनगर के पूर्व सांसद स्व. शरद त्रिपाठी के नाम से जाना जाएगा। सिंगल लेन की इस सड़क को 36 करोड़ से टू लेन किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की तरफ से डीपीआर बनाकर मुख्यालय भेजी गई थी। परीक्षण के बाद इसे अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया गया है। पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी के निधन के बाद उनके ब्रह्मभोज में शामिल होने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व लोकनिर्माण मंत्री केशव प्रसाद उनके गांव झुड़िया गए थे। एक पटरी के हरनही-सोनबरसा मार्ग पर स्थित झुड़िया गांव पहुंचने के बाद उन्होंने एलान किया था कि सिंगल लेन की इस सड़क को दो लेन का किया जाएगा। इसके निर्माण पर जो लागत आएगी, विभाग की तरफ से खर्च किया जाएगा। यह सड़क शरद त्रिपाठी के नाम से होगी।
एक हजार करोड़ की परियोजनाओं का सीएम योगी करेंगे लोकार्पण
गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद नगर निगम ने 9.50 अरब से ज्यादा की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की तैयारी शुरू कर दी है। इनमें तकरीबन 6.50 अरब रुपये सीवर लाइन पर खर्च होने जा रहे हैं। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय क्षेत्र में सीवर लाइनों का लोकार्पण होगा तो सूरजकुंड क्षेत्र में दो अरब 30 करोड़ रुपये से सीवर लाइन बिछाए जाने के कार्य का शिलान्यास होगा। सूरजकुंड क्षेत्र में 10 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। इससे इस इलाके के सीवर का निस्तारण तो हो ही जाएगा राप्ती और रोहिन नदियों में गंदा पानी नहीं जा पाएगा।
गोदाम और कारखाना में भीषण आग
कानपुर. शहर की घनी बस्ती कोपरगंज की तलउआ मंडी में मंगलवार की दोपहर रुई गोदाम और तकिया कारखाने में भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई। आग की तेज लपटें देखकर लोग घरों से बाहर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल जवानों ने आसपास का इलाका खाली कराया और आग बुझानी शुरू की। इस बीच अंदर फंसे कर्मचारियों को छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला गया। फायर ब्रिगेड की दमकल गाड़ियों की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पूरे इलाके में दहशत का आलम रहा और पड़ोस के दुकान, गोदाम और मकान मालिक घबराए रहे कि कहीं आग उनके प्रतिष्ठान तक न पहुंच जाए।
पिटाई से बचाने गई मां की गई जान
इटावा. ग्राम सैदपुर में दो युवकों में पीएफ के पैसे को लेकर मारपीट हो गई। एक युवक को बचाने आई उसकी मां को दूसरे युवक ने धक्का मारकर गिरा दिया। पवन अपने ठेकेदार को पीएफ के पैसे के लिए फोन कर रहा था। उसी समय पवन का पड़ोसी प्रांशु उसकी बातों को सुन रहा था। पवन और प्रांशु एक साथ उस ठेकेदार के लिए काम करते हैं। जब प्रांशु ने पवन द्वारा ठेकेदार से अभद्र भाषा में बातचीत करते सुना तो वह नाराज हो गया। दोनों में कहासुनी हो गई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इस बीच पवन को बचाने उसकी 62 वर्षीय मां खिलौना देवी घर से बाहर आ गई। उन्होंने पवन के सामने आकर बीच-बचाव किया तो प्रांशु ने उसको धक्का मार दिया। हालत गंभीर देखकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। थोड़ी देर में उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पांच हेरोइन तस्करों को 30 वर्ष बाद तीन-तीन साल सश्रम कारावास
वाराणसी. हेरोइन की खरीद-बिक्री करने के 30 साल पुराने मामले में अदालत ने चार अभियुक्तों शेर बहादुर सिंह, अमर बहादुर सिंह, फतेह बहादुर सिंह, अवध नारायण सिंसह व जमनियां (गाजीपुर) निवासी देवनाथ कुशवाहा को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सूचना मिली थी कि चौबेपुर गांव निवासी कुलदीप सिंह और फतेह बहादुर सिंह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपने निवास स्थान पर हेरोइन की खरीद-बिक्री का धंधा कर रहे हैं। 12 सितंबर 1991 को तत्कालीन आसूचना अधिकारी लल्लन तिवारी ने सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कुलदीप सिंह व फतेह बहादुर सिंह के घर पर छापेमारी की। तलाशी लेने पर इन अधिकारियों को स्कूटर की डिग्गी और बक्से में रखी हेरोइन की पुड़िया बरामद हुई।
दलित से तीन युवकों ने किया दुष्कर्म
अमेठी. पीपरपुर थाना क्षेत्र निवासी दलित युवक को घर जाते समय बाइक सवार तीन युवकों ने पहले जमकर पीटा, फिर उसके बाद नहर के पास सुनसान में बने एक मकान में लेजाकर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाते हुए घटना को अंजाम दिया। पीड़ित युवक की ओर से रामगंज पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक घटना 16 अक्टूबर की रात की है। पीड़ित युवक 10 बजे एक दुकान से काम खत्म करके वापस अपने घर जा रहा था। युवक पीपरपुर थाने से कुछ ही दूर आगे पहुंचा ही था कि तभी बाइक सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे और जबरन बाइक पर बैठा लिया। उसे रामगंज बाजार ले आए। जहां उसकी पिटाई करने के बाद नहर के पास बने सुनसान मकान में ले गए और तीनों युवकों ने उसके साथ कुकर्म किया।
Published on:
26 Oct 2021 05:18 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
