
वाराणसी-लखनऊ में शटल ट्रेन बुकिंग शुरू, चार घंटे में पूरा होगा सफर
वाराणसी-लखनऊ में शटल ट्रेन बुकिंग शुरू
वाराणसी. वाराणसी से लखनऊ के बीच 17 नवंबर से शटल ट्रेन की बुकिंग शुरू हो गई है। यह ट्रेन लखनऊ से वाराणसी और वाराणसी से लखनऊ चार घंटे 10 मिनट में पहुंचेगी। इस ट्रेन में 14 कोच जनरल के व एक कोच चेयरकार के होंगे। यात्रियों को जनरल का किराया 135 व चेयरकार का 480 रुपये देना होगा। बता दें कि ट्रेन नंबर 20401 वाराणसी से सुबह छह बजे चलकर लखनऊ 10:10 बजे पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 20402 लखनऊ से शाम छह बजे चलकर वाराणसी रात 10:10 बजे पहुंचेगी। ये ट्रेन रोजाना लखनऊ से वाराणसी के बीच चलेगी। बुधवार से शुरू होने वाली ट्रेन के सेकंड सिटिंग में खबर लिखे जाने तक 1093 सीटें खाली रही। जबकि चेयरकार में मात्र चार सीटें खाली हैं। 18 नवंबर को चेयरकार में वेटिंग और जनरल में एक हजार से ज्यादा सीटें खाली है।
ललितपुर में खाद संकट बरकरार, मुख्य मार्ग जाम
ललितपुर. ललितपुर में खाद की जद्दोजहद में चार किसानों की मौत हो चुकी है, इससे पहले से ही लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आक्रोश है। इतने के बाद भी अफसर और जनप्रतिनिधि मिलकर खाद की किल्लत दूर नहीं कर पाए। खाद की कालाबाजारी भी अफसर नहीं रोक पा रहे हैं। तालबेहट में खाद न मिलने से बुधवार सुबह गुस्साए किसानों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे अफसरों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण बिना खाद के जाम खोलने को तैयार नहीं। तालबेहट में किसानों ने मुख्य मार्ग पर जाम कर दिया और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मंदिर की छत पर हर्फ फायरिंग
प्रयागराज. धूमनगंज इलाके में हर्ष फायरिंग का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है जिसके आधार पर पुलिस ने कोटेदार रविंद्र कुमार गुप्ता उर्फ बिल्लू के खिलाफ मुकदमा लिखा गया। इंस्पेक्टर धूमनगंज तारकेश्वर राय का कहना है कि दीपावली के दौरान रविंद्र गुप्ता ने लाइसेंसी बंदूक की पूजा शनि मंदिर के पुजारी कैलाश गिरि से करवाया था। फिर मंदिर की छत पर जाकर उसी असलहे से एक शख्स ने हर्ष फायरिंग की थी। एफआइआर लिखकर जांच शुरू कर दी। आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।
21 को चलेगी गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन
गोरखपुर. रेल प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए हैदराबाद से गोरखपुर के बीच एक जोड़ी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रवक्ता पंकज कुमार सिंह के मुताबिक 02575 हैदराबाद-गोरखपुर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 19 नवम्बर दिन शुक्रवार को हैदराबाद से व 02576 गोरखपुर-हैदराबाद सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 21 नवम्बर दिन रविवार को गोरखपुर से चलाई जाएगी। इस ट्रेन में जनरेटर सह लगेज यान के 02, साधारण द्वितीय श्रेणी के 02, शयनयान श्रेणी के 08, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 08, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 01 तथा पार्सलयान के 01 कोच सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।
वाराणसी में डग्गामार 18 बसों को सीज करने के साथ किया चालान
वाराणसी. जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देश पर यातायात और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से डग्गामार व टैक्स बकाएदार बसों के खिलाफ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। संयुक्त रूप से चली कार्रवाई से बस मालिकों में अफरा-तफरी मच गई। नाराज बस मालिक मौके पर पहुंच गए लेकिन उनकी बसों का चालान हो चुका था। 20 ऑटो रिक्शा व एक बसों को पुलिस लाइन में सीज किया गया, उनके प्रपत्र पूरे नहीं थे। 18 बसों का चालान किया गया। परिवहन विभाग से तय रूट पर परमिट लेने के बाद भी कई बसें उन मार्गों पर संचालित नहीं हो रही है। दूसरे मार्गों पर बसों के संचालित होने की शिकायत मिलने पर डीएम ने बैठक कर नाराजगी जाहिर की थी। परिवहन अधिकारियों को चेतावनी देते हुए डीएम ने सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
चाय की दुकान में घुसा ट्रक, तीन की मौत
श्रावस्ती. श्रावस्ती में नवीन मार्डन थाना कटरा अंतर्गत नेशनल हाईवे पर सुबह करीब सात बजे बहराइच की ओर से आ रही ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पटरी के बाद लगी चाय की दुकान पर चढ़ गई, जिससे दुकान के अंदर बैठे तीन लोगों की मौके पर ही कुचल कर मौत हो गयी। नवीन मार्डन थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे पर बुधवार की सुबह करीब तीन व्यक्तियों की मौत से कोहराम मचा हुआ है। बहराइच की ओर से बलरामपुर की ओर आ रहा एक ट्रक अचानक श्रावस्ती तिराहे पर अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे दुकानदारों को रौंदते हुए 10 फिट गड्डे में पलट गया। इस हादसे में होटल व्यापारी संतोष पाण्डेय 40 वर्ष, गुमटी (ढबली) पर पान मसाला के दुकानदार दद्दन शुक्ला पुत्र राम रंग शुक्ला 50 वर्ष व राम मनोहर 35 वर्ष की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही उपजिलाधिकारी आरपी चौधरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एमपी शर्मा, इंचार्ज थाना प्रभारी राज कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंच कर ढाबली में दबे लोगों को निकलवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ये भी पढ़ें: Quick Read: 21 नवंबर तक रात में टिकट बुकिंग बंद
Published on:
17 Nov 2021, 2:31 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.