6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP ATS ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े दो आतंकियों को किया गिरफ्तार, ओमान भागने वाला था दानियाल

Lucknow ATS Terror Arrest : लखनऊ एटीएस ने बाराबंकी और कुशीनगर से 2 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में रहे ये आरोपी पुलिस संस्थानों और संवेदनशील ठिकानों पर हमले की साजिश रच रहे थे।

2 min read
Google source verification

य़ूपी ATS ने गिरफ्तार किए दो आतंकी, PC- Patrika

Lucknow ATS Terror Arrest :उत्तर प्रदेश आतंक रोधी दस्ते (एटीएस) ने आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशीनगर जिले के कृष्णा मिश्रा (20 वर्ष) और बाराबंकी जिले के दानियाल अशरफ (23 वर्ष) के रूप में हुई है। एटीएस के अनुसार, दोनों पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे और उसके इशारे पर उत्तर प्रदेश में संवेदनशील स्थानों पर हमले की योजना बना रहे थे।

जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से नियमित संपर्क बनाए रखा था। उनके मोबाइल फोन से वीडियो कॉल, वॉइस नोट्स और व्हाट्सएप ग्रुप कॉल्स के रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने संवेदनशील संस्थानों, पुलिस स्टेशनों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की रेकी कर फुटेज पाकिस्तान भेजे थे। इसके अलावा उन्होंने पुलिसकर्मियों और वर्दीधारी व्यक्तियों पर हमले की प्लानिंग भी की थी।

पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर चल रहा था गैंग

एटीएस ने बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के निर्देश पर शहजाद भट्टी और उसके आतंकी नेटवर्क ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को स्लीपर सेल के रूप में तैयार करने की साजिश रची थी। आरोपी पैसे और हथियारों की मांग भी कर रहे थे। पूरे मामले में देशविरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी।

वर्तमान में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। एटीएस की टीम उनके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। इस गिरफ्तारी को उत्तर प्रदेश में आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

1.5 साल से मुंबई में रह रहा था दानियाल

दानियाल बाराबंकी के बदोसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत किंतूर गांव का निवासी है। उसके पिता महमूद पुत्र मोहम्मद हाशिम (60) और मां सूफिया (55) खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में दानियाल का एक छोटा भाई कुमैल अंसारी और तीन शादीशुदा बहनें हैं। परिवार के अनुसार, दानियाल पिछले डेढ़ साल से मुंबई में काम कर रहा था। हाल ही में वह गांव लौटा था और ओमान जाने की तैयारी कर रहा था। उसका पासपोर्ट भी बन चुका था। छोटे भाई कुमैल ने बताया कि वह खुद डेढ़ साल तक ओमान में था और करीब एक सप्ताह पहले ही घर वापस आया है।

एटीएस ने दोनों आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। इनमें एक देशी पिस्तौल (9 एमएम), एक .315 बोर की तमंचा, 6 जिंदा 9 एमएम कारतूस और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। एटीएस की टीम दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए छापेमारी जारी रखे हुए है।