
कांग्रेस के दबाव में बार-बार टाली जा रही है अयोध्या विवाद की सुनवाई - विनय कटियार
लखनऊ. अयोध्या राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद जमीन विवाद मामले पर सुनवाई टल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई जनवरी 2019 तक के लिए टाल दी है। उधर मामले में बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने सुनवाई आगे बढ़ाने के पीछे कांग्रेस की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दबाव में ऐसा हो रहा है।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने सोमवार को कहा कि अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के बार-बार तारीख देने के पीछे कांग्रेस का हाथ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले राम मंदिर निर्माण पर कोई फैसला आए। कांग्रेस के नेता कपिल सिब्बल और प्रशांत भूषण के दबाव में बार-बार नई तारीखें दी जा रही हैं।
कोर्ट के फैसले पर देशवासी करेंगे अमल : फरंगी
फरंगी महली ने कहा कि कि हर हिंदुस्तानी चाहता है कि यह मसला कोर्ट के ज़रिए से हल हो जाए। अब जरूरत मुल्क के इस बड़े मसले के हल होने की है। सुप्रीम कोर्ट सभी पक्षकारों की पूरी बात सुनकर फैसला सुनाएगा। किसी के भी दिल में फैसले पर गिला शिकवा नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि कोर्ट का जो भी फैसला आएगा उस पर सभी देशवासी अमल करेंगे। फरंगी महली ने कहा कि कुछ लोग कोर्ट के फैसले की बात ना मानने की बात कह रहे हैं, वह लोग सुप्रीम कोर्ट की इंपोर्टेंस को कम कर रहे हैं।
कट्टरपंथी मौलानाओं और कांग्रेस की वजह से कोर्ट में फंसा है मामला : वसीम रिजवी
वहीं फैसले से पहले शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने कहा है कि कट्टरपंथी मौलानाओं और कांग्रेस की वजह से मामला कोर्ट में फंसा है। वसीम रिजवी ने कहा कि जो भगवान दुनिया के इंसानों की किस्मत का फैसला करता है, 'वह भगवान अपने घर के फैसले के लिए इंसानी अदालत के फैसले का इंतजार कर रहा है। यह पूरी दुनिया के इंसानों के लिए शर्म की बात है।
Updated on:
29 Oct 2018 01:00 pm
Published on:
29 Oct 2018 01:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
