
Weather Update: यूपी समेत उत्तर भारत के लिए हीटवेव अलर्ट जारी, इन राज्यों में बारिश की संभावना
Weather Report: उत्तर प्रदेश को लोगों को फिलहाल जल्द गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानि आईएमडी (IMD) ने पूर्वानुमान लगाया है कि अप्रैल से उत्तर और मध्य भारत में तापमान तेजी से बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इन दिनों लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों का सामना भी करना पड़ेगा। हालांकि मौसम विभाग ने पर्वतीय और दक्षिणी राज्यों में मौसम में बदलाव देखने की बात कही है। पूर्वी राज्यों में भी बारिश से तापमान में गिरावट आएगी। आईएमडी के मुताबिक महाराष्ट्र और आसपास के इलाके के ऊपर चक्रवाती हवा का क्षेत्र निर्मित हो रहा है, जिसका असर राजस्थान और मध्य प्रदेश के तक देखने को मिल सकता है। चक्रवाती हवा के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में हवा में नमी रहेगी। दिल्ली में भी तापमान में वृद्धि होगी।
यूपी, बिहार, राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा के अलावा राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। झारखंड में भी मौसम शुष्क बना रहेगा और लू चलेगी। IMD की मानें तो अगले 24 घंटे के अंदर केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में धूप खिलेगी।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि इस बार लंबे समय तक गर्मी पड़ने की संभावना है। क्योंकि भारत के अधिकतर हिस्से में मार्च मध्य से ही तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आईएमडी के मुताबिक 26-29 मार्च के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा में हल्की से मध्यम तीव्रता की वर्षा हो सकती है। विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में येलो वॉच जारी की है। IMD के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हिमालय की ओर बहने वाली दक्षिणी हवाओं के कारण बनेगा।
Published on:
27 Mar 2022, 8:26 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.