
पुलिस के 'बगावती सुर' की आहट! मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के DM और SSP की बुलाई बैठक
लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस के बगावती सुरों की आहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था पर अहम बैठक बुलाई है। मंगलवार देर शाम एनेक्सी में सीएम योगी सभी जिलों के जिलाधिकारी और एसएसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय, प्रमुख सचिव गृह अरविंद सिंह और डीजीपी ओपी सिंह मौजूद रहेंगे। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में मुख्यमंत्री सिपाहियों के बगावती सुर पर नियंत्रण और पुलिसकर्मियों के व्यवहार व कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिये जा सकते हैं। इसके अलावा नवरात्र और दशहरे पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दे सकते हैं।
राजधानी के गोमती नगर इलाके में हुए विवेक तिवारी मर्डर केस में दो सिपाहियों की बर्खास्तगी के बाद पुलिस के बगावती सुर सामने आये हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूपी पुलिस के सिपाही पांच अक्टूबर की तरह एक बार फिर 10 अक्टूबर को सामूहिक विरोध-प्रदर्शन की तैयारी में हैं। 10 अक्टूबर के संभावित विरोध को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार सजग है। माना जा रहा है इस कारण से भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला अधिकारियों के साथ पुलिस अफसरों की समीक्षा बैठक बुलाई है।
डीजीपी बोले- खुश हैं हमारे सिपाही
पुलिस द्वारा बगावती सुर अपनाये जाने के मामले पर डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि हमारे विभाग में सभी सिपाही खुश हैं। नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि बर्खास्त सिपाही हो सोशल मीडिया पर विरोध करवा रहे हैं। डीजीपी मुख्यालय स्थिति पर पूरी तरह से नजर बनाये है। फिर भी अगर कोई अनुशासनहीनता दिखाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि इन दिनों सोशल मीडिया पर पुलिस के विरोध-प्रदर्शन का मैसेज वायरल हो रहा है। वायरल मैसेज में 10 अक्टूबर को पुलिस द्वारा अपनी ताकत दिखाने के मौके पर प्रमोट किया जा रहा है। प्रदर्शन की अटकलों के बीच पुलिस-प्रशासन चौकन्ना है।
Published on:
9 Oct 2018, 3:25 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.