
लखनऊ. योगी कैबिनेट और बीजेपी संगठन में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। मंत्रिमंडल से जहां नकारा मंत्रियों को छुट्टी होगी, वहीं कैबिनेट में नये चेहरों को मंत्रीपद से नवाजा जा सकता है। साथ ही कई मंत्रियों के विभागों की अदला-बदली भी की जा सकती है। इसी तरह बीजेपी के यूपी संगठन के कई पदाधिकारियों की छुट्टी होगी और कुछ को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। यह फेरदबल लोकसभा चुनाव के समीकरणों के ध्यान में रखकर किया जाएगा।
मंत्रिमंडल और संगठन में फेरबदल की संभावनाओं के बीच अमित शाह ने 18 मई को योगी सरकार और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की दिल्ली में बैठक बुलाई है। इस बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ , डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा , बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय समेत सत्ता व संगठन के प्रमुख लोगों की मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में कर्नाटक के रिजल्ट के साथ ही लोकसभा चुनाव 2019 की चुनावी रणनीतियों के साथ ही संगठन व मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा होगी।
कुछ की होगी छुट्टी तो कुछ के सिर सजेगा ताज
सूत्रों की मानें तो इस मीटिंग में योगी मंत्रिमंडल और बीजेपी संगठन से निष्क्रिय मंत्रियों और पदाधिकारियों की लिस्ट फाइनल होगी। इसके बाद ही खराब प्रदर्शन वाले मंत्रियों व पदाधिकारियों की या तो छुट्टी कर दी जाएगी या फिर उनका पदभार बदला जा सकता है। साथ ही सत्ता और संगठन में नये लोगों को भी मौका दिया जा सकता है। इसके अलावा नये बने एमएलसी और केंद्रीय संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कुछ दिग्गजों को भी मंत्रिमंडल में मौका दिया जा सकता है। इस फेरबदल के जरिये बीजेपी की कोशिश सरकार की साफ-सुथरी छवि पेश करने की होगी।
जातिगत-सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश
अमित शाह की बैठक में कांग्रेस, सपा, बसपा सहित अन्य दलों से निपटने की रणनीति पर चर्चा होगी। सत्ता और संगठन में फेरबदल के जरिये बीजेपी की कोशिश जातिगत व सामाजिक समीकरण साधने की भी होगी। इसके अलावा इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह की यूपी में रैलियों की रूपरेखा भी फाइनल होगी।
Published on:
13 May 2018 10:55 am

बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
