
सांकेतिक फोटो
महोबा में सामने आए कथित अपहरण और दुष्कर्म मामले में अब नया मोड़ आ गया है। 25 वर्षीय युवती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मुख्य आरोपी के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विवाह करती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर नई बहस छिड़ गई है और पुलिस अब वायरल वीडियो व अन्य तथ्यों की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, छतरपुर मध्य प्रदेश के एक गांव की रहने वाली युवती झांसी शहर में किराये के मकान में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। युवती 30 अप्रैल को लाइब्रेरी से अपने कमरे लौटते समय अचानक लापता हो गई थी। करीब 16 दिन बाद पुलिस ने उसे बरामद किया था।
बरामदगी के बाद युवती ने पुलिस को दिए बयान में अपने अपहरण, नशीला इंजेक्शन देकर दुष्कर्म और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। युवती ने यह भी आरोप लगाया था कि उसे चाकू और जलती सिगरेट से चोट पहुंचाई गई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए युवती के गांव के ही मोहित श्रीवास, अंकित श्रीवास और संतोष श्रीवास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ा था और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गृह मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। वहीं पीड़िता की मां ने भी समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और फोटो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। वायरल वीडियो में युवती मुख्य आरोपी मोहित के साथ वैदिक रीति-रिवाज से विवाह करती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि वीडियो प्रयागराज स्थित आर्य समाज भवन का है।
सोशल मीडिया पर एक मैरिज सर्टिफिकेट भी वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर युवती यह कहते भी दिखाई दे रही है कि वह अपनी मर्जी से आई है।
एसएसपी वंदना सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो और फोटो की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, लेकिन अब सामने आए नए तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, मामले में हाईकोर्ट में संयुक्त रिट दाखिल किए जाने की बात भी सामने आई है, जिसमें युवती के बालिग होने, अपनी इच्छा से विवाह करने और परिजनों से सुरक्षा की मांग का उल्लेख किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
21 May 2026 06:24 pm
बड़ी खबरें
View Allमहोबा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
