20 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Mahoba News:बहू की पीट-पीटकर हत्या,ससुर समेत तीन पर मुकदमा

Domestic Violence Murder:महोबा के चरखारी क्षेत्र में ससुर और परिजनों ने बहू की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। गलत नियत का विरोध करने पर घटना हुई। पुलिस ने तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

2 min read
Google source verification

महोबा। जनपद के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के कुरौराडांग गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां ससुर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर बहू की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने ससुर समेत तीन आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी घर में ताला लगाकर फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, थाना खरेला क्षेत्र के धवारी गांव निवासी लखन ने चरखारी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सुखदेवी (34) की शादी कुरौराडांग गांव निवासी आशाराम के साथ की थी। फरवरी 2025 में कुंभ मेले की भगदड़ में आशाराम की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद सुखदेवी अपने ससुराल में रह रही थी।

गलत नियत का विरोध बना मौत की वजह

मृतका के पिता का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुर दयाराम उसकी बेटी पर गलत नजर रखने लगा था। सुखदेवी ने कई बार इसकी शिकायत अपने मायके वालों से की थी। इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी, जिसमें समझौता करा दिया गया था। लेकिन इसके बावजूद ससुर की हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ।

लोहे की रॉड से सिर पर किया वार

आरोप है कि 19 मार्च की रात सुखदेवी घर पर अकेली थी। इसी दौरान ससुर दयाराम ने उसे पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर दयाराम ने अपने बेटे कीरत और नाती योगेंद्र के साथ मिलकर सुखदेवी की जमकर पिटाई की। इस दौरान लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल सुखदेवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चरखारी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

वारदात के बाद आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गए। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर ससुर दयाराम, कीरत और योगेंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।