
Aman Mani Tripathi
Aman Mani Tripathi : पूर्वांचल के बाहुबली नेता अमरमणि त्रिपाठी के बेटे अमन मणि त्रिपाठी (Aman Mani Tripathi) आज यानी शनिवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय (Avinash Pandey) ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि अमन मणि त्रिपाठी महाराजगंज से लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) भी लड़ सकते हैं। महराजगंज सीट 'इंडिया' गठबंधन के तहत कांग्रेस के खाते में गई है।
वहीं, इस सीट से पहले सुप्रिया श्रीनेत (Supriya Shrinate) के चुनाव लड़ने की चर्चा थी। सूत्रों की मानें तो वह चुनाव लड़ने से इन्कार कर चुकी हैं। फरेंदा सीट से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी (Virendra Chaudhary) भी चुनाव से कतरा रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस अमनमणि को मैदान में उतार सकती है।
अमन मणि त्रिपाठी पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के पुत्र हैं। उनका जन्म 12 जनवरी 1982 को यूपी के गोरखपुर में हुआ। उनकी शुरुआती पढ़ाई- खिलाई नोएडा के एक स्कूल में हुई। इसके बाद वह फिर गोरखपुर लौट गए, जहां से बीए एलएलबी की पढ़ाई की। साल 2012 में अमन मणि त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर नौतनवां विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरे। लेकिन कांग्रेस के प्रत्याशी कौशल किशोर से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
साल 2017 में समाजवादी पार्टी ने अमनमणि त्रिपाठी को बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद अमन मणि नौतनवां से निर्दलीय चुनावी मैदान में उतर गए और जीत कर पहली बार यूपी विधानसभा पहुंचे। हालांकि, बाद में निर्दलीय विधायक अमन मणि त्रिपाठी ने बसपा का दामन थाम लिया। इसके बाद विधानसभा चुनाव 2022 में बसपा ने उन्हें टिकट भी दिया। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में बसपा ने उन पर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाकर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। अब अमन मणि त्रिपाठी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
अमन मणि त्रिपाठी का जीवन अपने पिता की तरह विवादों में रहा है। अमन मणि त्रिपाठी पर पत्नी सारा की हत्या का आरोप भी लगा। 9 जुलाई 2015 को फिरोजाबाद के पास एक कथित सड़क दुर्घटना में सारा की मौत हो गई। इसके बाद अमन मणि त्रिपाठी पर आरोप लगे कि उन्होंने अपनी पत्नी सारा की हत्या कर दी है। हालांकि, हादसे में अमनमणि को भी चोटें आई थीं। पिता अमर मणि त्रिपाठी के जेल से रिहा होने के बाद अमन मणि ने फिर से सियासत में नई पारी शुरू कर दी है। ऐसे में कांग्रेस से महाराजगंज सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है।
Updated on:
10 Mar 2024 01:46 pm
Published on:
10 Mar 2024 01:45 pm
बड़ी खबरें
View Allमहाराजगंज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
