
Bharat Jyoti Vidyalaya Winner in Jessoba Quiz Contest
मंडला. जेसोबा क्विज कांटेस्ट 2021 के प्रथम चरण की प्रतियोगिता 21 दिसंबर को शास कन्या उमा वि महाराजपुर एवं भारत ज्योति उमा वि मंडला (हिंदी मीडियम) के मध्य आयोजित की गई। इंटेक के संयुक्त तत्वाधान में यह आयोजन हुआ। भारत ज्योति उमावि मंडला (हिंदी मीडियम) से प्रियांशु बैरागी, अतुल मिश्रा, तरुणा मिश्रा तथा शास कन्या उमावि महाराजपुर से वैष्णवी नंदा, मुस्कान सिंगौर, एवं अंजली धुर्वे ने सहभागिता की। प्रथम चरण की इस प्रतियोगिता में भारत ज्योति उ. मा. वि मंडला (हिंदी मीडियम) के छात्रों ने सफलता हासिल कर द्वितीय चक्र में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के प्रारंभ में अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती का पूजन अर्चन किया गया। इस अवसर पर छात्रा निकिता बाजपेयी ने सरस्वती वंदना की मधुर प्रस्तुति दी। विभा मिश्रा, प्राचार्या शास कन्या उमावि बम्हनी के मुख्य आतिथ्य तथा जेसोबियन सुनील कुमार अग्रवाल के विशिष्ठ आतिथ्य, जेसोबा अध्यक्ष एके शुक्ल की अध्यक्षता में यह प्रतियोगिता हुई। आयोजन शास कन्या उमावि महाराजपुर में हुआ। प्राचार्या विभा मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जेसोबा द्वारा प्रतिवर्ष क्विज कांटेस्ट के माध्यम से छात्रों के सामान्य ज्ञान में वृद्धि के लिए जो प्रयास किया जा रहा है वह सराहनीय है क्योंकि भावी जीवन में छात्रों को यदि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित करना है तो उन्हें सामान्य ज्ञान का पर्याप्त ज्ञान होना चाहिए। अध्यक्ष जेसोबा एके शुक्ल ने कहा कि जेसोबा जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय के भूतपूर्व छात्रों का ऐसा संगठन है जो जिले में संचालित शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्रों के शैक्षिक गतिविधयों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पंद्रह वर्षों से क्विज कांटेस्ट का आयोजन कर रहा है। जेसोबियन सुनील अग्रवाल ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी। अतिथि वक्ता डॉ. हर्ष कर्महे ने इस प्रतियोगिता की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। भारत ज्योति उ. मा. वि मंडला के शिक्षक संतोष रजक ने आभार प्रदर्शित किया। आयोजन में स्थानीय विद्यालय की छात्राओं के अतिरिक्त उषा ठाकुर, सतीष मिश्रा, बंटी बासल, लता गुरवानी, अपूर्णा तेकाम सहित अनेक शिक्षक व छात्र उपस्थित हुए। बताया गया है कि प्रथम चरण की अगली प्रतियोगिता 22 दिसंबर को शाम 2 बजे से जवाहर लाल नेहरू उमावि महाराजपुर एवं शास उमावि हृदयनगर के बीच जवाहर लाल नेहरू उमावि महाराजपुर में होगी।
Published on:
22 Dec 2021 10:24 pm

