मंडला. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक अगस्त को मंडला मुख्यालय सहित समस्त विकासखंडों में साइकिल रैली एवं पैदल यात्रा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के अलग-अलग स्थानों से स्कूली बच्चों ने साइकिल रैली तथा प्रभातफेरी निकाली। सभी विद्यार्थियों ने अपनी साइकिल पर तथा हाथ में तिरंगा झंडा लेकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। साथ ही देशभक्ति के नारे लगाकर आम आदमी को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर हर्षिका सिंह कलेक्ट्रेट से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रभात फेरी में शामिल हुई एवं शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए स्टेडियम ग्राउंड पहुंची।
सभी स्कूली बच्चे, आमजन तथा जनप्रतिनिधियों ने स्टेडियम में पहुंचकर अद्भुत वातावरण बनाने में सहयोग दिया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने सफेद, हरे तथा केसरिया रंग के कपड़े तथा हांथ में झंडा लेकर आयोजन को देशभक्तिमय बना दिया। साथ ही श्रृंखला बनाकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, डीएफओ, नगरपालिका अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, अभिभावक, मीडिया के लोग तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
स्टेडियम में नागरिकों को दिलाई शपथ
महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मंच से राष्ट्रीय ध्वज संहिता की जानकारी दी गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तिरंगे झंडे के सम्मान तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की उपस्थितजनों को शपथ दिलाई। साथ ही अभियान के संबंध में आमजनों को विस्तृत जानकारी दी तथा हर व्यक्ति को इस अभियान में सक्रिय होकर भाग लेने की अपील की। कलेक्टर, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का जिलेभर में संदेश देने के लिए सफेद, केसरिया तथा हरे रंग के गुब्बारे हवा में छोड़े। स्टेडियम ग्राउंड में सभी के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए। आमजनों, अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर सेल्फी प्वाइंट में फोटो भी खिंचवाई।
नैनपुर. आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न 1 जुलाई को तिरंगा रैली में देखने मिला जहां बारिश में बच्चे व नगर के नागरिक उत्साहित रहे। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर में एतिहासिक सायकल तिरंगा रैली निकाली गई। जिसमें लगभग 4 हजार विद्यार्थियों सहित शासकीय कर्मचारी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता निभाई। इस रैली का नेतृत्व नैनपुर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आकांक्षा चतुर्वेदी, नगरपालिका अध्यक्ष नरेश चंद्रोल और पार्षद शंकर सायरानी ने किया। सायकिल में सवार होकर कर गिरते पानी में आगे बढ़े। रेलवे जेआरसी मैदान में सुबह एकत्र हुए तहसीलदार कमलेश राम नीरज, नायब तहसीलदार वंदना कुशराम एवं नगर निरीक्षक जनक सिंह रावत ने तिरंगा लहराकर रैली का आगाज किया। साइकिलों में तिरंगा बांधे देश प्रेम की अलख जागते नारों के साथ सैकड़ों की तादात में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैली में हिस्सा लिया। रैली जेआरसी मैदान से नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रेलवे फाटक, हरे माधव गेट से वार्ड 11, 12 होकर कृष्ण मंदिर चौराहा, मस्जिद चौराहा, जयमाता दी चौक से विश्राम भवन चौराहा होकर चकोर पुल से बांसुरी वादन चौक होकर पुन: जेआरसी मैदान पहुंची। जहां पर सभी को भारतीय राष्ट्रीय तिरंगे की आन बान और शान को बरकरार रखते हुए हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर अपने घरों में ध्वजारोहण करने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। अंत में नगर पालिका सीएमओ दिनेश बाघमारे, बीईओ एमडी सोलंकी और बीआरसी दिलीप शरणागत ने सभी उपस्थितों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन का समापन किया।
भारत माता की जय के जयकारों से गूंजा नगर
निवास. हर घर तिरंगा अभियान के तहत निवास नगर में साइकिल तिरंगा यात्रा निकाली गई। देश भक्ति भावना के संचार के साथ 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने की बात कही जा रही है। इसी के तहत नगर के सभी हाई व हायर सेकंडरी वा प्राइवेट संस्थान व शासकीय महाविद्यालय के विद्यार्थी के साथ-साथ बड़ी संख्या में निवास एसडीएम शिवाली सिंह, तहसीलदार आर के खंपरिया, नायब तहसील दार निवास थाना प्रभारी सुरेश सोलंकी निवास बीईओ, बीआरसी ने रैली का शुभारंभ किया। निवास नगर के स्टेडियम राजा शंकर शाह कुंवर रघुनाथ शाह स्टेडियम से की गई। रैली निवास नगर के स्टेड बैंक, बस स्टेंड, बाजार चौक, राम मंदिर व नगर के विभिन्न मार्गो से गुजरी। एक हाथ तिरंगा लिए भारत माता की जय करते नजर आए। छात्र-छात्राओं के साथ पूरा प्रशासन मौजूद रहा। वहीं बताया गया की रैली लगभग डेढ़ किलो मीटर लंबी थी वही अंत में बच्चों को हर घर तिरंगा लगाने की शपथ दिलाई गई। मोहगांव. मोहगांव में हर घर तिरंगा रैली निकाली गई। जिसमें शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मोहगांव एवं बीआरसी कार्यालय मोहगांव के प्रांगण में हर घर तिरंगा योजना का संवाद बच्चों से किया गया। मोहगांव में उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण को केंद्र बनाया गया। जिसमें सभी स्कूल के बच्चों ने भाग लिया। प्राइमरी स्कूल, मिडिल स्कूल, हाई स्कूल सभी केन्द्रों के बच्चे शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, मप्र जन अभियान समिति, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मोहगांव प्राचार्य नारायण भवेदी, सिंगारपुर प्राचार्य जेएस उइके, चाबी प्राचार्य जेडी धुर्वे, पीटीआई सिंगारपुर अशोक वरकडे़, रामवती परस्ते आदि शिक्षक उपस्थित रहे। मोहगांव बीआरसी दीपक कछवाहा, शिक्षा अधिकारी रूप सिंह भगत, पुलिस अधीक्षक मोहगांव शिवलाल मरकाम एवं नागरिक सभी ने घरों से निकल कर हर घर तिरंगा का महत्व बताया, मोहगांव विकास खंड के प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्रों में या सभी ग्राम पंचायतों में हर घर तिरंगा कर रैली निकाला गया। सुड़गांव, सिंगारपुर, देवगांव, उमारिया, रयगांव, मोहगांव, उमरडीह, चुभावल, बड़झर सभी 38 ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम किया गया।