मंदसौर.
जिले में फिर से मौसम बदल गया है और इससे आम लोगों को प्रचंड गर्मी से कुछ राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ के साथ एक लोकल सिस्टम एक्टिव हो रहा है। जिसका असर 20 मई तक रहने का अनुमान है। इसके बाद 23-25 मई के बीच फिर एक और सिस्टम एक्टिव होगा। इसके असर से तेज आंधी के साथ बारिश होने का अनुमान है। वहीं २५ मई से नोतपा चालू हो रहा है। लेकिन इसके पहले ही जिले में बारिश का पूर्वानुमान है। एक दिन पहले ही जिले में बारिश हो चुकी है। जम्मू-कश्मीर में बने पश्चिमी विक्षोभ और मोचा तूफान से बने चक्रवाती समीकरण से मौसम में बदलाव हो रहा है। नौतपे से पहले प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। हालांकि मौसम प्रणाली के कमजोर रहने के कारण इसका विशेष असर नहीं है। वही अरब सागर में एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इससे हवा का रुख पूर्वी एवं दक्षिणदृपूर्वी बना हुआ है और औसत रफ्तार भी लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी तीन-चार दिन तक बना रहने की संभावना है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी विक्षोप के साथ ही लोकल सिस्टम भी एक्टिव हो रहा है। इस कारण नौतपा के 9 में से कुछ दिन जरूर बारिश हो सकती है। १६ मई से आंधी-तूफान व बारिश का दौर शुरु हो गया है।
नौतपा में बारिश का ट्रेंड
पिछले कुछ सालों के ट्रेंड की बात करें तो तेज आंधी के साथ बारिश होती है। नौतपा के 9 दिन में से चार या पांच दिन भीगते जरूर हैं। इस बार भी ऐसी ही तस्वीर नजर आ रही है। लेकिन इस बार नोतपा से पहले ही बारिश का दौर शुरु हो गया है। मौसम वैज्ञानिको के अनुसार कई जगहों पर बारिश होगी। यह दौर आगामी कुछ दिन तक जारी रहेगा। दोपहर तक तेज गर्मी रहेगी। इसके बाद ही मौसम बदलेगा। तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बारिश और बादल छाने की वजह से दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हुई है। आगामी दिनों में एक-दो डिग्री की गिरावट और हो सकती है। इससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने का अनुमान है।
लुढक़ा तापमान तो मिली राहत
पिछले पखवाड़े भर से प्रचंड गर्मी का दौर चल रहा है, लेकिन अचानक से जिले में मौसम बदला और तापमान ३ से ४ डिग्री तक लुढक़र ४० के अंदर आ गया है और हवाएं भी चल रही है। ऐसी स्थिति में लोगों को गर्मी से राहत मिली है।