मंदसौर.
मौसम विभाग के जिले में बार-बार बारिश के अलर्ट के बीच जिलेवासियों को आसमान पर मंडराते बादल खूब तरसा रहे है। अब तक झमाझम का इंतजार मंदसौरवासियों का पूरा नहीं हुआ है। इधर तेज गर्मी और उमस ने जिलेवासियों को बेहाल कर दिया है। ३२ डिग्री के तापमान में भी गर्मी ने हलाकान कर दिया है। दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम को कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई। अब तक जिले में ११.५७ इंच औसत बारिश हो चुकी है। पिछले साल से भले ही अधिक हो लेकिन गर्मी से राहत देने में यह पर्याप्त नहीं है। वहीं जिले में सीतामऊ में सबसे अधिक १६ इंच तो गरोठ में सबसे कम ५ इंच बारिश अब तक हुई है।
चार सिस्टम एक्टिव, भारी बारिश का अलर्ट
अगले 24 घंटे भी तेज बारिश का दौर रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश की संभावना है। ऐसे में अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अभी 4 सिस्टम एक्टिव हैं। इनसे पूरा प्रदेश तरबतर होगा। मौसम के जानकारो की माने तो बंगाल की खाड़ी, नॉर्थ आंध्रप्रदेश, साउथ ओडिशा पोस्ट पर सिस्टम एक्टिव है। इसका असर मध्यप्रदेश में भी है। साउथ छत्तीसगढ़ में साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। एक मानसून ट्रफ लाइन कोटा, रायसेन, सिवनी, रायपुर, ओडिशा होते हुए गुजर रही है। पूर्वी-पश्चिमी हवाएं भी आपस में मिल रही हैं। दक्षिण मध्यप्रदेश से लगे इलाकों में इसका असर है।
जिले में अब तक बारिश की स्थिति
मंदसौर जिले में अब तक ११.५७ इंच औसत बारिश हो चुकी है। जो पिछले साल के आंकड़े से कुछ अधिक है। हालांकि जिले में इतनी औसत बारिश के बाद भी अब तक गर्मी का असर कम नहंी हुआ। वहीं मंदसौर में २७६, सीतामऊ में ४१८ सुवासरा में ३८६, गरोठ में १३७, भानपुरा में २११, मल्हारगढ़ २९२, धुधडका में ३६५, शामगढ़ २११, संजीत ३५७, कयामपुर में ३४०, भावगढ़ में २३८ मिमी बारिश गुरुवार को सुबह ८ बजे तक हो चुकी है। वहीं उमसभरी गर्मी के बीच गुरुवार को अधिकतम तापमान ३२ डिग्री था। तेज गर्मी और तीखी धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
दिनभर की गर्मी के बाद आंधी-तूफान के साथ कुछ समय हुई बारिश
मौसम विभाग के अलर्ट के बीच दिनभर तीखी धूप रही और गर्मी से लोग परेशान हुए। इस बीच दिनभर की गर्मी के बाद शाम को अचानक मौसम बदला और आंधी-तूफान का दौर शुरु हुआ। इसके बाद तेज बारिश हुई। हालांकि कुछ ही समय तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहा। आसमान पर बादल मंडराते रहे और जमीन पर गर्मी ने लोगों को परेशान किया।