4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस के डिजिटल पोर्टल पर कोई भी दे सकेगा भ्रष्टाचार गतिविधियों की जानकारी

राम मंदिर में चढ़ावे से लेकर नीट परीक्षा, महंगाई सहित कई मुद्दों को लेकर प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने उठाए सवाल...।
2 min read
Google source verification
mandsaur congress news

जिले में खाद, स्मार्ट मीटर, जलसंकट की रिपोर्ट नेता प्रतिपक्ष को भेजी

मंदसौर कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। कोई अलग नहीं जा रहा है। हम जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे है। चाहे वह स्मार्ट मीटर का मुद्दा हो, अस्पताल का मुद्दा हो या जलसंकट से लेकर खाद से लेकर सीवरेज या अन्य कोई मामला हो। पूरे जिले की स्थिति को लेकर रिपोर्ट बनाकर नेता प्रतिपक्ष उमर सिंघार को भेजी है। आने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने उठाएगी। चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत भी हो रही है। यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्रसिंह गुर्जर ने शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर प्रदेशभर में युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण, भ्रष्टाचार तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू किया जा रहा है। नीट एवं सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों और विद्यार्थियों की शिकायतों ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। प्रभावित विद्यार्थियों को समय पर न्याय नहीं मिला। कांग्रेस छात्रों की गूंज अभियान के माध्यम से प्रदेशभर के विद्यार्थियों के बीच जाकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय की मांग करेगी।

संकट से गुजर रहा किसान

उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान प्रदेश का किसान भारी संकट से गुजर रहा है। किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। अनेक स्थानों पर खाद की कमी, कालाबाजारी, अधिक दामों पर बिक्री तथा पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं होने से बोवनी प्रभावित हो रही है। वहीं मूंग खरीदी में कोटा कम किए जाने और समर्थन मूल्य पर सीमित खरीदी के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस किसानों के इन मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक संघर्ष करेगी। उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर स्पष्ट जवाब चाहती है। यदि सरकार और मुख्यमंत्री निर्दोष हैं तो पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराकर सभी तथ्य सार्वजनिक किए जाने चाहिए। महाकाल लोक परियोजना सहित सार्वजनिक परियोजनाओं में उठे प्रश्नों तथा सार्वजनिक धन के उपयोग को लेकर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। साथ ही गुर्जर ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदे और वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में सार्वजनिक रूप से सामने आए आरोप करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े विषय हैं।

कांग्रेस के यह है सवाल

प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस के सरकार के सामने प्रश्न है। इसमें मुख्यमंत्री उज्जैन भूमि प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से जवाब कब देंगे, सरकार पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने को तैयार है या नहीं, किसानों को समय पर खाद, पर्याप्त बिजली एवं कृषि आदान उपलब्ध कराने में सरकार विफल क्यों रही। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए क्या कार्रवाई की गई। विद्यार्थियों को न्याय दिलाने एवं परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने अब तक कौन-से ठोस कदम उठाए महाकाल लोक सहित अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं में उठे सवालों की निष्पक्ष जांच कब होगी। आंदोलन के दौरान इन्हीं प्रश्नों का जवाब पूछा जाएगा।

डिजिटल पोर्टल पर दे सकेंगे जानकारी

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस एक विशेष डिजिटल पोर्टल प्रारंभ करेगी। जहां प्रदेश का कोई भी नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग अथवा कथित अवैध संपत्तियों से संबंधित जानकारी एवं दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेगा। तथ्यों के सत्यापन के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव, जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन में भूमि प्रकरण के विरोध में जनआंदोलन तथा विधानसभा सत्र में इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश रातडिय़ा, जिला संगठन महासचिव अजय लोढ़ा, शहर ब्लाकं अध्यक्ष इष्ठा भाचावत भी उपस्थित थे।