8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP News: महू-नीमच हाईवे पर चलती कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

MP News: थाडोद टोल के पास कार में लगी भीषण आग, कुछ ही देर में कार जलकर पूरी तरह से खाक हुई, वक्त रहते चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।

2 min read
Google source verification
mandsaur

Car Catches Fire on Mhow-Neemuch Highway Driver Escapes Safely

MP News: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में महू-नीमच राजमार्ग पर एक चलती कार में आग लगने से कार जलकर खाक हो गई। घटना महू-नीमच हाईवे पर स्थित थाडोद टोल के पास की है जहां शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन धू-धू कर जलने लगा। कार एलपीजी गैस से चल रही थी। कार में आग लगते ही वाहन चालक जान बचाकर वक्त रहते कार से बाहर आ गया जिसके कारण उसकी जान बच गई। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों ने घटना देख तत्काल रुककर मदद का प्रयास किया, वहीं घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

टोल के पास मारुति वैन में लगी आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार मारुति वैन क्रमांक MP14 CB 1643, जिसे अनिल, निवासी मंदसौर चला रहे थे। वो महू-नीमच हाईवे से गुजर रहे थे और जैसे ही वाहन पिपलिया टोल के समीप पहुंचा, तभी कार के इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक अनिल कुछ समझ पाते इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से फैली। चालक अनिल ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत कार को रोककर कूदकर वाहन से बाहर निकल आए जिससे उनकी जान बच गई।

दमकल पहुंची तब तक जलकर खाक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पिपलिया नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची, मगर तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। दमकल कर्मियों ने तुरंत कार में लगी आग को बुझाया जिससे कि आसपास मौजूद वाहनों में आग फैलने का खतरा टल गया।

वक्त पर बाहर आया चालक, बड़ा हादसा टला

घटना के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और कई राहगीरों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।