मंदसौर.
चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री द्वारा लागू की गई लाड़ली बहना योजना में आज जिले की ढाई लाख बहनों के खातों पर १ हजार रुपए की राशि आएगी। मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक से राशि ट्रांसफर करेंगे। कार्यक्रम आज शाम को होगा। इसे उत्सव के रुप में मनाने के लिए प्रशासन के साथ ही भाजपा ने भी पूरी तैयारी की है। चुनावी वर्ष में महिलाओं को साधने के लिए लागू की गई इस योजना के साथ महिलाओं को साधने के लिए खास तैयारी की है। इसमें जिले की सभी ४६८ ग्राम पंचायतों से लेकर १९० निकायोंं के वार्ड मुख्यालय पर कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम होंगे। जिले में ४ लाख से अधिक महिला मतदाता है। इनमें से ढाई लाख लाड़ली बहना योजना की पात्रता में शामिल है। १ से ७ जून तक जिलेभर में हर वार्ड में महिलाओं को स्वीकृति पत्र बांटने के कार्यक्रम हुए अब राशि वितरण का कार्यक्रम आज होगा।
६ हजार ९४६ की डीबीटी होना अभी भी बाकी
महिला बाल विकास विभाग के पीसी चौहान ने बताया कि दो लाख ५० हजार ९४ लाड़ली बहनों के खातें में आज सीएम सिंगल क्लिक से १ हजार रुपए की राशि खातों में डालेंगे। इसमें सभी की डीबीटी की गई। हालंाकि ६ हजार ९४६ महिलाों की डीबीटी होना अभी भी बाकी है तो वहीं १ लाख ७९ हजार महिलाओं के खाते में पहले १ रुपए की राशि भेजकर खाते की जांच भी की जा चुकी है।
कलश यात्रा से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ ही सरकारी के सभी विभाग आज होने वाले आयोजन के लिए मैदान में तैनात किए गए है। शाम को ६ बजे मुख्य कार्यक्रम होगा और इसमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सीधे प्रसारण से प्रदेशभर की बहनों से संवाद करेंगे। इसके पहले जिले की सभी ४६८ ग्राम पंचायतों से लेकर १९० वार्ड मुख्यालय पर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम होंगे। इसमें शाम ४ बजे से ५ बजे तक लाड़ली बहना थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर नुक्कड नाटक व रंगोली का आयोजन होगा तो वहीं सभी जगहों पर लाड़ली बहनों के साथ कलश यात्राएं भी निकाली जाएगी।