
मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद जेल गैंगवार में शामिल रहे कुख्यात पुलिस ने दबोचे
मथुरा। बागपत जिला जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद प्रदेश भर में पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी है। ऐसे बदमाशों को चुन चुन कर जेल में ठूंसा जा रहा है जो गैंगवार में शामिल रहे हैं।
जमानत पर चल रहे दोनों शातिर वसूल रहे थे चौथ
17 जनवरी 2015 को मथुरा जेल में हुए गैंगवार में शामिल रहे दो कुख्यात बदमाशों गोपाल उर्फ गणेश यादव पुत्र गोविन्द यादव निवासी सुभाष इंटर कॉलेज के पास अवागढ़ हाऊस कंपूघाट मथुरा तथा राकेश चौधरी पुत्र बीरी सिंह निवासी भूतिया पानी गांव थाना जमुनापार को पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों शातिर हाथरस के राजेश टोंटा और मथुरा के मावी गैंग के बीच मथुरा जेल में हुए गैंगवार में शामिल थे। इस घटना में एक बंदी की जेल में ही मौत हो गई थी, जबकि राजेश टोंटा को आगरा ले जाते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर फरह के पास बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर पुलिस हिरासत में मौत के घाट उतार दिया था। ये दोनों बदमाश इस समय जमानत पर चल रहे थे। इनके पास से पुलिस ने एक पिस्टल 32 वोर और पांच कारतूस, एक तमंचा 315 वोर और एक मोटरसाइकिल बरादम की है। एसपी सिटी श्रवण कुमार ने बताया कि यह पूरा गैंग है, इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। जिन मामलों में इन्हें जमानत मिली है उसे निरस्त करने के लिए न्यायालय में प्रार्थनापत्र लगाया जाएगा। गैंग के दूसरे साथियों पर भी नजर रखी जा रही है, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अभी बुझी नहीं मावी-टोंटा गैंगवार की आग
अभी राजेश टोंटा और ब्रजेश मावी गैंग के बीच चल रही दुश्मनी की आग बुझी नहीं है। इस गैंग के बीच एक और गैंगवार हो सकता है, इसका इनपुट पुलिस को मिल रहा था। इन दोनों गैंग के साथी अभी भी प्रदेश की कई जेलों में हैं। बागपत जेल गैंगवार के बाद यूपी पुलिस ने ऐसे सभी गैंग पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है जो गैंगवार की वारदात कर सकते हैं।
Published on:
11 Jul 2018, 7:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.