
camel
मथुरा। जिले के थाना राया इलाके में एक ऊंट के पागल होने से हड़कम्प मच गया। करीब दो घण्टे तक ऊंट सड़क पर उत्पात मचाता रहा। इस दौरान उसे काबू करने का प्रयास कर रहे तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि ऊंट के पागल होने की सूचना डायल 100 पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंचकर वन विभाग को सूचित किया। लेकिन वन विभाग की टीम वहां नहीं पहुंची। किसी तरह ग्रामीणों ने ही ऊंट को काबू किया।
ये है मामला
मथुरा के राया कस्बे के पास कुम्हा गांव की तरफ से एक पागल ऊंट उत्पात मचाता हुआ आ रहा था। कुछ ही देर में ऊंट कोयल गांव से होता हुआ भरतपुर बरेली स्टेट हाइवे पर आ गया। इस दौरान ऊंट ने दो घंटे तक हाइवे पर उत्पात मचाया। ऊंट के हाइवे पर आने से वहां से गुजर रहे वाहनों की रफ्तार थम गई, वहीं कुछ लोग गाड़ी रोककर वहां खड़े हो गए। इस दौरान ऊंट ने किसी को मुंह मारकर घायल किया तो किसी को पैर मारकर। ऊंट ने रास्ते में एक गाड़ी को मुंह से पकड़ लिया, काफी देर बाद गाड़ी को छोड़ा। जब ग्रामीणों को ऊंट के पागल होने की खबर हुई तो उन्होंने फौरन डायल 100 पुलिस को सूचित किया। लेकिन पुलिस काफी देर में वहां पहुंची। पुलिस ने पहुंचकर वन विभाग को ऊंट के पागल होने की सूचना दी। लेकिन सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम वहां नहीं पहुंची। लिहाजा ग्रामीणों ने खुद ही ऊंट को काबू करने के लिए सड़क पर टायर फेंकना शुरू कर दिया। टायरों से गुजरते हुए ऊंट फंस गया और गिर पड़ा। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके पैरों में रस्सी बांधकर उसे काबू किया। इस दौरान ऊंट ने तीन लोगों को घायल कर किया।
इलाज के लिए पशु चिकित्सालय भेजा
बताया जा रहा है कि ऊंट गर्मी के कारण पागल हो गया था। ऊंट को काबू करने के बाद भी वन विभाग की टीम वहां नहीं पहुंची, लिहाजा ग्रामीणों ने ऊंट को काबू करने के बाद उसे पशु अस्पताल भेज दिया, जहां पशु चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं।
Updated on:
31 May 2018, 11:29 AM IST
Published on:
31 May 2018, 11:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.