
मथुरा. उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा पूरी दमखम से लगी हुई है। विगत दिनों यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मथुरा के विधानसभा मांट में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए आए थे। एक बार फिर यूपी के सीएम योगी मथुरा में 19 दिसंबर को आ सकते हैं। देश के गृहमंत्री अमित शाह मथुरा से जन विश्वास यात्रा की हरी झंडी दिखाकर शुरुआत करेंगे।
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा जन विश्वास रथ यात्रा से सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएगी। हाल में ही मुख्यमंत्री योगी ने कस्बा मांट में जनसभा को संबोधित किया था। अब जन विश्वास जीतने के लिए भाजपा की रथयात्रा 19 दिसंबर को मथुरा से लखनऊ के लिए रवाना होगी। जन विश्वास यात्रा रवाना करने से पहले गृहमंत्री यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें सीएम योगी भी आ सकते हैं। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मथुरा में 500 मीटर से लेकर एक किलोमीटर के दायरे में रथ रुकेगा और स्थानीय भाजपाई व आम लोगों द्वारा स्वागत किया जाएगा। हर विधानसभा व जिले में वहां के जनप्रतिनिधियों व मंत्रियों को रथ पर सवार किया जाएगा। रथ के साथ वाहनों का काफिला जुड़ता चला जाएगा।
चुनावी रथ यात्रा की शुरुआत के लिए दिल्ली से ही आधुनिक बस को रथ का रूप दिया जाएगा। भाजपा की योजना है कि रथ पर सवार होने के लिए हर दिन कोई न कोई बड़ा नेता शामिल होगा। प्रदेश के छह स्थानों से रवाना होने वाला आसपास की विधान सभाओं की सीमा के होकर गुजरेगा।
Published on:
14 Dec 2021 02:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
