मथुरा। थाना बलदेव क्षेत्र के गांव बीच का नगला में सोमवार की सुबह कर्ज से परेशान एक किसान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव बीच का नगला निवासी 60 वर्षीय किसान डालचंद करीब चार—पांच साल से लगातार आलू की फसल में भारी नुकसान उठा रहे थे। इसके चलते उन पर कर्जदारों का काफी कर्जा हो गया था। वहीं बैंक का भी करीब साढ़े चार लाख रुपये का उन पर कर्ज था। कर्जदारों का कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने अपनी करीब पांच बीघा जमीन भी बेच दी। इसके बाबजूद भी पूरा कर्ज नहीं चुका पाए। इससे परेशान होकर डालचंद ने अपने घर पर एक कमरे में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके की ओर दौड़े लेकिन तब तक किसान डालचंद की मौत हो चुके थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत किसान के बेटे कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके पिता पर काफी कर्ज हो गया था। बैंक का भी कर्ज था जिसके लिए बैंक को क्रॉप लोन माफ करने के लिए लिखकर भी दिया था, लेकिन बैंक का भी कर्ज माफ नहीं हुआ। कर्ज के बोझ में दबकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। मृत किसान के परिजनों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।