
mansi ganga
मथुरा/ गोवर्धन । दीपोत्सव पर्व पर गिरिराज महाराज की तलहटी दीपों की रोशनी के बीच झिलमिल नजर आई। दीपदान महोत्सव में मानसी गंगा मुकुट मुखारविंद मंदिर पर गिरिराज जी महाराज का स्वर्ण आभूषणों में श्रंगार किया गया। मुकुट मुखारविंद गिरि की पौढ़ी घाट पर रिसीवर रमाकांत गोस्वामी के निर्देशन दीपदान किया गया। इसके बाद प्रतिनिधि मनु ऋषि, सेवायतों ने दीपदान किया। देश-विदेश से आये हजारों श्रद्धालुओं ने मानसी गंगा के घाटों पर दीपदान किया। सूरज घाट पर कार्यक्रम शुरू हुआ।
गोवर्धन पूजा के मुख्य केन्द्र गोवर्धन धाम में एक बार फिर से पांच हजार साल पुरानी परंपरा में द्वापर युग में साक्षात् हुआ। भगवान कृष्ण के द्वारा एक रूप में पूजत है दूजै रूप पुजाय की अभिव्यक्ति के साथ लाखों देशी-विदेशी गिरिराज महाराज की तलहटी पहुंचे। द्वापर युग में ब्रजवासियों पूजा की लेकिन अब देश के कोने कोने से आये भक्तों के साथ विदेशियों ने भी दही माखन की मटकी लेकर ब्रज गोपी बनकर गिरिराज महाराज का अभिषेक किया। गोवर्धन जी को तरह-तरह के पकवान बनाकर भोग लगाये। गोवर्धन पूजा यात्रा भी द्वापर युग की तर्ज पर निकाली गई। इसमें हरि-हरि बोल की गूंज रही। हर कोई अपने आराध्य देव गिरिराज महाराज के चरणों में अरदास लगा रहा था। गोवर्धन जी की सात कोस की परिक्रमा में सैलाब इस कदर उमड़ा कि थमा नहीं गिरिराज जी के प्रमुख मंदिर गिरिराज मुखारविंद मुकुट, दानघाटी, जतीपुरा मुखारविंद में भक्तों की भीड़ का सैलाब उमड़ता नजर आया। इस मौके पर अन्नकूट की प्रसादी वितरित किये गये।
संकल्प के साथ दीपों का दान
दीपावली दीपोत्सव पर गिरिराज महाराज की तलहटी में लाखों दीपों से दीपदान हुआ। देशी-विदेशी भक्तों ने दीपदान कर मनौती मांगी। कुंड सरोवर व धार्मिक धरोहरों पर संकल्प के साथ दीपदान किया गया। किसी ने 5100 सौ दीप का संकल्प लिया तो किसी 1100 सौ का संकल्प लेकर दीपदान किया गया। गोवर्धन पूजा के मुख्य केन्द्र गिरिराज जी मुकुट मुखारविंद मंदिर स्थित गिरि की पौढ़ी घाट पर दीपदान महोत्सव का शुभारंभ रिसीवर रमाकांत गोस्वामी के निर्देशन में किया गया।
यहां रिसीवर प्रतिनिधि मनु ऋषि व सेवायतों ने सामुहिक दीपदान किया। इसके बाद भक्तों ने घाटों पर दीपदान किया। विदेशी भक्तों ने भी मानसी गंगा घाट दीपदान किया। गिरि की पौड़ी घाट पर गिर्राज संत सेवाश्रम के महंत राधा मोहन दास ने अपन शिष्य भक्तों के साथ दीपदान किया। सूरज घाट पर नगर पंचायत के प्रभारी ईओ नायब तहसीलदार अजय यादव के निर्देशन में दीपदान किया। मोक्ष धाम में दीपदान युवक मंडली द्वारा किया गया। इसके अलावा मनसा देवी घाट, चक्लेश्वर घाट, महल घाट, बंगाली घाट, पुरोहित घाट, चिड़िया घाट आदि पर दीपदान किया गया।
ऊर्जा मंत्री पहुंचे गिरिराज जी की शरण
गोवर्धन पूजा में न कोई बड़ा और न कोई छोटा। सब एक भाव से परिक्रमा व गिरिराज जी की आराधना कर रहे थे। वीआईपी भी गिरिराज जी की शरण में नतमस्तक होते नजर आये। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दानघाटी मंदिर में गिरिराज जी की दुग्धाभिषेक के साथ पूजा अर्चना की।
Published on:
20 Oct 2017 05:39 pm
