
Goverdhan Puja
गोवर्धन (मथुरा) । कहते हैं कि गोवर्धन गौसंवर्धन का केंद्र है। तात्पर्य यह है कि यहां भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं में गौचारण लीला की है। पुराणों के अनुसार द्वापर युगीन गोवर्धन पर्वत आज भी अपने विशालकाय रूप में खड़ा है। सात कोस परिक्रमा वाले इस गोवर्धन नाथ की पूजा पूरे विश्व में होती है। आज गोवर्धन को ब्रज का हृदय माना जाता है। जब-जब सोलह कला अवतारी श्रीकृष्ण की अवतरित लीलाओं का अनुसरण करते हैं तो भगवान कृष्ण की गोवर्धन पूजा और गोवर्धन पर्वत को धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा का संकल्प सामने आता है। श्रीकृष्ण ने स्वयं गोवर्धन पर्वत को ईश्वरीय स्वरूप प्रदान किया।
एक रूप में पूजत और दूजे रूप में पुजाय
कहते हैं कि श्रीकृष्ण ने भाव में ब्रजवासियों के संग एक रूप में पूजत और दूजे रूप में पुजाय कर गोवर्धन पर्वत को देवता तुल्य माना है। आस्था और विश्वास की अनूठी कड़ी में ईश्वरीय स्वरूप गोवर्धन पर्वत के करोड़ों आस्थावान भक्त हैं। सनातन धर्म में गोवर्धन पर्वत को रक्षा कर मनोकामना पूरी करने वाला देवता बताया है। दीपावली के ठीक एक दिन बाद देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में गोवर्धन जी की पूजा होती है। गोवर्धन पूजा के मुख्य केंद्र गोवर्धन धाम में विराजमान गोवर्धन पर्वत की पूजा क्यों होती है इसके पीछे सोलह कला अवतारी भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का अनूठा वर्णन है।
गोवर्धन पूजा अन्नकूट के रूप में
इन्द्र का गर्व चूर करने के लिए गोवर्धन पूजा का आयोजन श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों से करवाया था। यह आयोजन अन्नकूट पूजन के रूप में किया जाता है। इसकी शुरूआत द्वापर युग से मानी जाती है। उस समय लोग इंद्र देवता की पूजा करते थे। अनेक प्रकार के भोजन बनाकर तरह-तरह के पकवान व मिठाइयों का भोग लगाते थे। कहते हैं कि मेघ देवता राजा इंद्र का पूजन कर प्रसन्न करने के लिए ऐसा आयोजन करते थे।
56 प्रकार के भोजन
एक बार भगवान श्रीकृष्ण ग्वाल-वालों के साथ गाय चराते हुए गोवर्धन पर्वत के पास पहुंचे तो वह यह देखकर हैरान हो गये कि गोपियां 56 प्रकार के भोजन बनाकर बड़े उत्साह से उत्सव मना रही थीं। कृष्ण ने गोपियों से इस बारे में पूछा तो गोपियों ने बताया कि इंद्र देवता प्रसन्न होंगे और ब्रज में वर्षा होगी जिसमें अन्न पैदा होगा। इस पर कृष्ण ने गोपियों से कहा कि इंद्र देवता में ऐसी क्या शक्ति है जो पानी बरसाता है। इससे ज्यादा शक्ति तो गोवर्धन पर्वत में है, इसी कारण वर्षा होती है। हमें इंद्र देवता के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए। ब्रजवासी कृष्ण के बताये अनुसार गोवर्धन की पूजा में जुट गये। सभी ब्रजवासी घर में अनेक प्रकार के पकवान बनाकर बताई विधि के अनुसार गोवर्धन पर्वत की पूजा करने लगे। कृष्ण द्वारा किये गये इस अनुष्ठान को देवराज इंद्र ने अपना अपमान समझा तथा क्रोधित होकर अहंकार में मेघों को आदेश दिया कि वे ब्रज में मूसलाधार बारिश कर पूरे ब्रज को तहस-नहस कर दें। ब्रज में मूसलाधार बारिश होने पर ब्रजवासी घबरा गये तथा कृष्ण के पास पहुंचकर इंद्र देव के प्रकोप से रक्षा का निवेदन करने लगे। ब्रजवासियों की पुकार पर कृष्ण बोले कि सभी अपनी गऊओं सहित गोवर्धन पर्वत की शरण में चलो। यही गोवर्धन पर्वत ही सबकी रक्षा करेंगे। सभी ब्रजवासी अपने पशुधन के साथ गोवर्धन पर्वत की तलहटी में पहुंच गये। यहीं श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ उंगली पर उठा लिया। सात दिन तक सात वर्ष के बालक कृष्ण ने सात कोस में फैले गोवर्धन पर्वत को सुरक्षा का कवच बनाया। यह चमत्कार देख देवराज इंद्र ब्रह्मा जी की शरण में आ गये तो ब्रह्मा जी ने उन्हें श्रीकृष्ण की वास्तविकता बताई। इंद्र देवता को अपनी भूल पर पश्चाताप हुआ। ब्रज जाकर श्रीकृष्ण के चरणों में गिरकर क्षमा-याचना करने लगे। सातवें दिन श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को नीचे रखा और ब्रजवासियों से कहा कि आज से प्रत्येक ब्रजवासी गोवर्धन पर्वत की प्रत्येक वर्ष अन्नकूट कर पूजा करके उत्सव मनाया करेंगे। यही उत्सव अन्नकूट उत्सव के नाम से कहलाता है।
गोवर्धन पर्वत का धार्मिक महत्व
हिन्दू धर्म में मान्यता है कि इसकी परिक्रमा करने से मांगी गई सभी मुरादें पूरी हो जाती हैं। यह आस्था का अनूठा मिसाल हैं। इसलिए इस पर्वत की लोट-लोट कर भी परिक्रमा की जाती है। परिक्रमा के लिए 21 किमी के फेरे लगाते हैं। परिक्रमा के रास्ते में पूजनीय स्थल हैं। दानघाटी मंदिर, आन्यौर, राजस्थान सीमा के अंतर्गत पूंछरी के लौठा, जतीपुरा मुखारविंद मंदिर, राधाकुंड में राधा-श्याम कुंड, कुसुम सरोवर, मानसी गंगा मुखारविंद मंदिर दर्शनीय हैं जहां आज श्रद्धालु पहुंचते हैं।
Published on:
27 Oct 2019 03:54 pm
बड़ी खबरें
View Allमथुरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
