थाना गोवर्धन क्षेत्र अंतर्गत आन्यौर परिक्रमा मार्ग पर बने कब्रिस्तान से शाहिद (35 वर्ष) की कब्र से उसके शरीर से सिर काट ले जाने का मामला सामने आया है। सुबह चौकीदार ने जब देखा तो कब्र खुली हुई थी धड़ से सिर कटा हुआ था। कब्रिस्तान के चौकीदार ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों व पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना गोवर्धन पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने मुर्दे के धड़ को कब्र में दबा कर एतिहातन मौक़े पर पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल पर पहुंची मृतक की पत्नी अफसाना ने बताया कि, मेरे पति शाहिद की बीमारी के कारण 2 माह पूर्व मौत हुई थी। शाहिद के शव को कब्रिस्तान में दफनाया गया था। शनिवार की रात जानकारी मिली कि उसके पति के शव को कब्र से निकालकर सिर काट लिया गया है। जिसकी जानकारी मिलने पर पत्नी परिजनों के साथ कब्रिस्तान पहुंची। यहां पुलिस ने मुर्दे के धड़ को कब्रिस्तान में दफन कर घटना की जांच शुरू कर दी है। शाहिद की पत्नी को अंदेशा है कि पति का सिर किसी तांत्रिक ने काटा होगा, पत्नी ने प्रशासन से घटना की जांच की मांग की है।