
PC: MATHURA POLICE 'X'
हेमा मालिनी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि इस कॉरिडोर का निर्माण लंबे समय से प्रतीक्षित था और इससे भक्तों को बहुत लाभ मिलेगा।
हेमा मालिनी ने कहा कि उन्हें यह जानकर बेहद खुशी हुई है कि सुप्रीम कोर्ट ने कॉरिडोर बनाने की अनुमति दी है। उन्होंने बताया कि कई वर्षों से दर्शनार्थियों को बांके बिहारी जी के दर्शन करने में कठिनाई हो रही थी। भीड़-भाड़ की वजह से मंदिर परिसर में अव्यवस्था बनी रहती है। इस कारण से कभी-कभी दुखद हादसे भी हो जाते हैं। सांसद ने कहा कि वह स्वयं इस स्थिति से व्यथित थीं और अक्सर दुर्भाग्यपूर्ण खबरें सुनती थीं।
हेमा मालिनी ने कहा कि कॉरिडोर का निर्माण सभी के हित में है। चाहे वो दुकानदार हों, किराए पर रहने वाले व्यापारी हों या मंदिर से जुड़े पुजारी हों। उन्होंने उन लोगों पर टिप्पणी की जो अफवाह फैलाकर लोगों को भड़का रहे हैं कि उन्हें जबरन हटाया जाएगा या फिर उनका कारोबार बंद हो जाएगा। हेमा मालिनी ने कहा कि ये बातें पूरी तरह गलत हैं और सरकार किसी के साथ अन्याय नहीं करेगी।
विपक्षियों को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जब वह स्वयं बांके बिहारी मंदिर जाती हैं तो वहां की भीड़, धक्का-मुक्की और अव्यवस्था को देखकर बहुत दुख होता है। छोटे बच्चे, महिलाएं सभी असुविधा में होते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि जब कॉरिडोर बन जाएगा, तब वे लोग भी जो आज विरोध कर रहे हैं, यह मानेंगे कि यह एक सही कदम था। हेमा मालिनी ने कहा, “बांके बिहारी जी के लिए अगर कुछ अच्छा हो रहा है, तो हमें मिलकर उसका समर्थन करना चाहिए। इससे बांके बिहारी जी भी प्रसन्न होंगे और भक्तों को भी राहत मिलेगी।”
Updated on:
3 Jun 2025, 7:53 PM IST
Published on:
3 Jun 2025, 7:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.