
मथुरा। जीआरपी पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी और ट्रेनों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाले हाईप्रोफ़ाइल गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी अय्याशी के लिए ट्रेनों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देकर गेस्ट हाउस में ठहराते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल, पांच चाकू और 11 हजार रुपए की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक रविवार को मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते पांच शातिर बदमाश जीआरपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जीआरपी ने इन बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि ये लोग ट्रेनों में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले हाईप्रोफाइल गैंग के सदस्य हैं जो सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनों के अलावा भीड़भाड़ वाले प्लेटफार्म पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। जीआरपी ने इनके कब्जे से पांच चाकू, 10 मोबाइल, 11 हज़ार रुपए नकद और सोने चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जीआरपी थाना इंचार्ज शिवकुमार ने बताया कि ट्रेनों और प्लेटफार्म पर लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।