
मथुरा। बुधवार को थाना हाईवे पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में पुलिस की गोली से आठ वर्षीय मासूम माधव की मौत हो गयी थी, इस मामले में चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है वहीं मुख्यमंत्री राहतकोष से पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपए की सहायता राषि दी गई है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पहुंचे। इस दौरान श्रीकांत शर्मा ने साफ कहा कि दोषी पुलिसकर्मी सलाखों के पीछे होंगे वहीं पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने की बात कही।
दोषियों को बचाने की कोशिश करने वाले भी नपेंगे
माधव के परिवार को सांत्वना देने ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा गांव मोहनपुर पहुंचे। जहां उन्होंने पहले मृतक माधव के परिवार से मुलाकात की और घटना के बारे में जानकारी ली। वहीं परिवार को आश्वस्त किया कि सरकार पूरी तरह से माधव के परिवार के साथ है और हर तरह की मदद की जायगी। माधव की मौत के जो भी दोषी हैं उनको किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। जो भी लोग उनको बचाने का प्रयास करेंगे उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जायेगी। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने माधव के परिजनों से मिलकर माधव की मां के लिए विकलांग पेन्शन शुरू करने के लिये ADM मथुरा को आदेश भी दिये।
प्रदेश के कप्तानों को दिए निर्देश
ऊर्जामंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि प्रदेश के सभी कप्तानों को निर्देश दे दिए गए हैं कि इस तरह की कोई भी घटना की पुनरावृत्ति न हो। ऊर्जामंत्री ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो किसी और एजेंसी से जांच कराने से भी हमको कोई गुरेज नहीं हगा। साथ ही ऊर्जामंत्री ने कहा कि माधव के पिता के लिए नौकरी की व्यवस्था भी की जाएगी।