
मथुरा। सर्दियों में ठंड का एहसास सिर्फ इंसान को ही नहीं, भगवान को भी होने लगता है। जिस तरह लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेते हैं। ठीक उसी तरह श्रद्धालु अपने लाडले ठाकुर जी को भी ठंड से बचाने के लिए ऊनी वस्त्र धारण कराते हैं। इसी आस्था भाव के चलते मथुरा-वृंदावन में आजकल बाहर से आने वाले भक्त अपने प्यारे लड्डू-गोपाल के लिये ऊनी और गर्म पोशाकों की जमकर खरीददारी कर रहे हैं।

जिस भाव से भक्त अपने ठाकुरजी को देखना और उनकी सेवा करना चाहते हैं। ठाकुरजी भी उसी भाव में अपने भक्त को दर्शन देते हैं। इसी आस्था भाव से भक्तों ने घर में विराजमान कृष्ण के बाल रूप लड्डू-गोपाल के लिये ऊनी पोशाकों की खरीददारी शुरु कर दी है। जिससे बाजार गरम हो गया है।

दुकानदार प्रिंस खंडेलवाल ने बताया कि ठंड के चलते मथुरा-वृन्दावन के बाजारों में लड्डू-गोपाल की ऊनी पोशाकों का बाजार गरम है। ना सिर्फ बृजवासी बल्कि देश-विदेश से आए भक्तगण भी इन गरम पोशाकों की खरीददारी कर रहे हैं।

वैसे तो बाजार में फैदर की पोशाक भी खरीदी जा रही है, लेकिन सबसे अधिक मांग ऊनी पोशाकों की है। इसके साथ लड्डू-गोपाल के लिये रजाई-गद्दे और ऊनी कैप की भी खूब बिक्री हो रही है।

दिल्ली से वृन्दावन घूमने आईं प्रेम ने कहा कि जैसे हमें ठंड लगती है वैसे ही हमारे ठाकुरजी को भी ठंड लगता है। उन्होंने अपने लड्डू गोपाल के लिए श्रृंगार के सामान सहित कई जोड़ी गर्म पोशाक खरीदीं।

लुधियाना की महिला श्रद्धालु ने बताया कि वो यहां ठाकुरजी के लिए गर्म कपड़े खरीदने आई हैं। ठाकुरजी हमारे बच्चे जैसे हैं। हमें भी उनका ख्याल रखना चाहिए।