मऊ. यूपी के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी ने जिले के बदहाल बुनकरों को बड़ी सौगात दी है। 2017 के विधानसभा चुनाव में मुख्तार अंसारी ने बांदा जेल में बन्द रहते हुए बुनकरों और किसानों की समस्या को दूर करने के 132 केबीए के विद्युत सब- स्टेशन बनाने का वादा किया था, जिसको पूरा करने के लिये काम शुरू हो चुका है। इस सब- स्टेशन के बनने से क्षेत्र के लाखों लोगों को फायदा होगा।
मु्ुख्तार अन्सारी पूर्वाचल के मऊ जनपद के सदर विधानसभा सीट से बसपा के विधायक हैं। वह इस सीट से पिछले पांच से लगातार विधायक चुने जा रहे हैं। चुनावों के दौरान जहां राजनीतिक दल बड़े- बड़े चुनावी एजेंडों और संकल्प पत्र के माध्यम से जनता के बीच में जाते हैं, मगर उन संकल्प पत्रों को चुनाव के बाद भूल जाते हैं। लेकिन इसके विपरित सदर विधायक ने जेल में बंद रहते हुए भी सालों पुरानी मांग को पूरा करवाया है। विधायक मुख्तार अंसारी के प्रतिनिधि मुजाहिद ने बताया कि विधायक ने बिजली की समस्या को दूर करने के लिए जो वादा किया उसको जल्द ही पूरा करने का काम किया जा रहा है। इस संबंध में प्रस्ताव पास हो गया है, 132 केवीए के विद्युत उपकेन्द्र के जमीन की भी तलाश पूरी हो चुकी है और जल्द की काम पूरा हो जायेगा।
मऊ जनपद को बुनकर नगरी के रूप में पूरे प्रदेश में जाना जाता है। बुनकरों की सबसे बड़ी समस्या बिजली है, अगर बुनकरों को समय से बिजली मिले तो उनकी बदहाली को दूर तो नहीं लेकिन बदहाली के दर्द पर मरहम का काम जरूर हो सकता है ।
BY- VIJAY MISHRA