28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होली से पहले मऊ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 180 किलो संदिग्ध खोया जब्त, 17 नमूने जांच के लिए भेजे गए – मिलावटखोरों पर कसी जा रही नकेल

यूपी के मऊ में होली पर्व नजदीक आते ही जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान छेड़ दिया है। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में नकली, सिंथेटिक और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बाजार में […]

2 min read
Google source verification

मऊ

image

Abhishek Singh

Feb 28, 2026

यूपी के मऊ में होली पर्व नजदीक आते ही जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान छेड़ दिया है। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में नकली, सिंथेटिक और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बाजार में खपत भी बढ़ने लगती है। इस स्थिति पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

जिले के नगर क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में स्थित मिठाई की दुकानों और कारखानों में खाद्य विभाग की टीमों ने सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 180 किलोग्राम संदिग्ध खोया (मावा) जब्त किया गया। जब्त किए गए खोये के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।


इसके अलावा, 17 किलोग्राम रंगीन कचरी भी संदिग्ध पाए जाने पर जब्त की गई और उसके नमूने भी परीक्षण हेतु सुरक्षित किए गए। अब तक कुल 17 नमूने भरे जा चुके हैं।

खाद्य विभाग की कार्रवाई केवल नगर क्षेत्र तक सीमित नहीं है। तहसील स्तर पर गठित टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार निरीक्षण कर रही हैं। बाहर से आने वाली खाद्य सामग्रियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि उपभोक्ताओं तक शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ पहुंच सकें।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश मिश्र ने बताया कि होली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में 19 फरवरी से 28 फरवरी तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो खोया, कचरी, नमकीन, घी और खाद्य तेल जैसे उत्पादों के नमूने एकत्र कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य है कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। इसके लिए आगे भी लगातार छापेमारी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।