
Mau Crime: मऊ जनपद में साइबर ठगों द्वारा एक शिक्षिका को निशाना बनाकर ठगी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। ठगों ने शिक्षिका की व्यक्तिगत और सेवा संबंधी जानकारी जुटाकर उन्हें घर के पास स्थित विद्यालय में तबादला कराने का झांसा दिया और 35 हजार रुपये की मांग की। हालांकि सतर्कता दिखाते हुए शिक्षिका ने समय रहते इसकी सूचना बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को दे दी, जिससे रकम भेजने से पहले ही मामला उजागर हो गया।
बताया जा रहा है कि रतनपुरा ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका को शनिवार को एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को बीएसए कार्यालय का लिपिक बताया। कुछ ही देर बाद दूसरे व्यक्ति ने फोन लेकर खुद को बीएसए बताते हुए बात की और मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का प्रयास किया। उसने कहा कि घर के पास स्थित विद्यालय में तैनात एक शिक्षक गंभीर बीमारी से ग्रस्त है और वह स्थानांतरण के लिए प्रयासरत है। यदि शिक्षिका चाहें तो उनका भी तबादला कराया जा सकता है।
इसके बाद ठगों ने शिक्षिका से उनकी जन्मतिथि और नियुक्ति तिथि जैसी जानकारी ली तथा कहा कि अन्य शिक्षक भी स्थानांतरण की प्रक्रिया में हैं। जल्द निर्णय लेने का दबाव बनाते हुए 35 हजार रुपये खाते में भेजने को कहा गया और बैंक खाता संख्या भी साझा की गई।
शिक्षिका को संदेह होने पर उन्होंने परिजनों से सलाह ली और तत्पश्चात बीएसए को पूरी जानकारी दी। बीएसए संतोष उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर कार्रवाई का अनुरोध किया।
पुलिस अधीक्षक इलामारन ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने शिक्षकों और कर्मचारियों से अपील की है कि स्थानांतरण या अन्य प्रशासनिक कार्यों के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को धनराशि न दें और संदेह होने पर तत्काल विभाग या पुलिस को सूचित करें।
Updated on:
24 Feb 2026 05:49 pm
Published on:
24 Feb 2026 05:48 pm
