
मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के औरंगाबाद मोहल्ले में एक शादी समारोह के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते बाराती और घराती आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान कुर्सियां भी चलीं, जिससे कई लोग घायल हो गए और विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के औरंगाबाद मोहल्ले की सोनकर बस्ती में आए एक बारात में जयमाल के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। पहले यह बहस तक सीमित रही, लेकिन कुछ ही देर में मामला गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुंच गया।
देखते ही देखते बाराती और घराती आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई और कुर्सियां तक चलने लगीं। इस दौरान कई लोगों के सिर में चोटें आईं और विवाह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हंगामे के बीच कई कुर्सियां टूट गईं, टेंट उखड़ गया और जयमाल का मंच भी बिखर गया, जिससे समारोह कुछ देर के लिए पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण टोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल मऊ जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
थाना दक्षिण टोला प्रभारी बसंत लाल ने बताया कि सोनकर बस्ती में आई बारात के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर विवाद हो गया था, जिसमें कुछ लोगों के बीच मारपीट और कुर्सियां चलने की घटना हुई। पुलिस के पहुंचने पर स्थिति को संभाल लिया गया और विवाह संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
08 Mar 2026 03:12 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
