
Mau News: मऊ घोसी नगर के सीताकुंड के पीछे मदापुर रतनपुर छावनी में शुक्रवार/शनिवार की दरमियानी रात एक झोपड़ी में अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। झोपड़ी में रखा गैस सिलेंडर अचानक ब्लास्ट हो गया जिसकी तेज आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झोपड़ी पीढ़वल मोड़ निवासी सुभाष राजभर की है जो पेशे से राजमिस्त्री हैं। वे कभी-कभार यहां आकर खाना बनाते थे और फिर अपने घर लौट जाते थे। घटना के समय झोपड़ी खाली थी लेकिन आग लगने के बाद सिलेंडर फटने से लपटें और तेज हो गईं जिससे पास की अन्य झोपड़ी भी चपेट में आ गई। हालांकि लोगों की तत्परता से उसमें लगी आग को समय रहते बुझा दिया गया जिससे नुकसान बढ़ने से बच गया। आसपास मकान होने के कारण एहतियातन लोगों को घरों से बाहर निकाल लिया गया।
धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घबरा गए और तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही क्षेत्र के सभासद माजिद अंसारी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है लेकिन गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
Published on:
21 Mar 2026 06:01 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
