
Mau news,, Pc: Patrika
Mau News: मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव स्थित मठिया मौजा में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव गेहूं के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामभवन चौहान (42) के रूप में हुई है। शव की हालत संदिग्ध बताई जा रही है, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की जीभ बाहर निकली हुई थी और शरीर से खून निकल रहा था। मौके से करीब 10 मीटर दूर एक डंडा भी बरामद हुआ है, जिससे हमला किए जाने की संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक के छोटे भाई रामकरण चौहान ने बताया कि रामभवन शनिवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकले थे। शाम को फोन पर उनकी बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने घर आते समय चिकन लाने की बात कही थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और कुछ समय बाद उनका मोबाइल भी बंद हो गया। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव में शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर जाकर पहचान की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रथम दृष्टया मामला सामान्य मौत का नहीं लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
Published on:
29 Mar 2026 03:55 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
