
घोसी में हार की समीक्षा करने पहुंचे राजभर के निशाने पर माफिया रहे।
Ghosi By Election: उत्तर प्रदेश के घोसी विधानसभा उप चुनाव के रिजल्ट ने भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी दलों की चुनौतियां बढ़ा दी है। सामाजिक समीकरण को साध कर चुनाव में जीत दर्ज करने की रणनीति सफल नहीं होने के बाद अब एनडीए के सहयोगी भाजपा सरकार की यूएसपी कानून व्यवस्था के मुद्दे पर लौटते दिख रहे हैं। गुंडे- माफियाओं पर कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन ने योगी सरकार को लोगों में स्थापित किया है।
अब ओम प्रकाश राजभर भी इसे भुनाने की कोशिश में जुट गए हैं। घोसी में हार की समीक्षा करने पहुंचे राजभर के निशाने पर माफिया रहे। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि सपा के गुंडे तो यहां दो पैर पर आएंगे, लेकिन चार पैर पर जाएंगे। उनके बयान को काफी अहम माना जा रहा है।
घोसी विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी को मिले करारी हार के बाद उसके सहयोगी और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पहली बार जिले में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। शहर के भीटी क्षेत्र के निजी प्लाजा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को गुंडा बताते हुए कहा कि वह सब आएंगे दो पैर पर, लेकिन जाएंगे चार पैर पर।
राजभर ने गुंडों को दी वार्निंग
घोसी विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद समीक्षा बैठक में ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव अपने दिल्ली ऑफिस में कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दे रहे हैं। अपने कार्यकर्ताओं को किसी भी दिन कुछ भी करने के लिए तैयार कर रहे हैं। हम आपको आगाह करते हैं कि कुछ मत करना, बस उनके गुंडों को पकड़ कर मेरे पास पहुंचा देना।
राजभर ने कहा कि दवाई हम करेंगे। वे आएंगे तो दो पैर से लेकिन उन्हें ले जाने के लिए चार पैरों की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हम ऐसा मारते हैं कि न टूटता है, न फूटता है और न ही खून बहता है। सिर्फ भीतरी मार मारते हैं, जो किसी को दिखा भी नहीं सकते। सिर्फ अखिलेश यादव को ही दिखा पाएंगे।
कार्यकर्ताओं को दी नसीहत
समीक्षा बैठक में ओम प्रकाश राजभर पूरी तरीके से हमलावर मूड में दिखे। उन्होंने कहा कि अगर सपा बम बनाना जानती है तो हम परमाणु बम बनाना जानते हैं। हमारे पास पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक के रूप में न्यूट्रॉन, प्रोटॉन और इलेक्ट्रॉन है। हमारे पास परमाणु बम बनाने का समान है। घोसी विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद सपा और सुभासपा में तकरार खुलकर सामने आ गई है। ओम प्रकाश राजभर ने इशारों ही इशारों में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर सपा कार्यकर्ताओं के हमले का आशंका भी जताई है। अब देखना यह दिलचस्प होगा की यह तकरार आगे कहां तक पहुंचती है।
Updated on:
13 Sept 2023 10:43 pm
Published on:
13 Sept 2023 07:15 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
