मेरठ। कृषि कानून के विरोध में दिल्ली के बॉर्डर पर चल रहे किसानों के आंदोलन को 100 दिन हो चुके हैं। किसान आंदोलन के 100 दिन पूरे होने पर किसान अपने घरों पर काले झंडे लगाकर और हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके साथ ही आज एक्सप्रेस—वे पर 5 घंटे की नाकाबंदी की जाएगी। किसान आंदोलन को फिर से तेज करते हुए दादरी, ग्रेटर नोएडा, डासना और दुहाई में किसान विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगाएंगे। वहीं एलआईयू को मिले इनपुट के आधार पर पश्चिम उप्र के जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मिले इनपुट से पता चला है कि किसान आंदोलन आने वाले दिनों में और तेजी पकड़ सकता है। इसको लेकर मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर, हापुड, गाजियाबाद,मुरादाबाद, शामली, बुलंदशहर आदि जनपदों में किसानों की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।