
दुल्हन ने शादी के चार दिन बाद खुद से छेड़खानी में पिटवा दिया पति, जानिए यह पूरा मामला
मेरठ। एक युवक को दुल्हन खरीदकर शादी करना महंगा पड़ गया। दुल्हन युवक के घर पांच दिन भी नहीं टिकी और अपने मायके हरिद्वार जाने की बात कहकर युवक को अपने साथ ले गई। बस में दुल्हन ने शोर मचा दिया कि युवक उसे छेड़ रहा था। बस में बैठी सवारियों ने युवक को धुन डाला और बस से नीचे उतार दिया। दुल्हन से लुटे और सवारियों से पिटे युवक ने गांव पहुंचकर आपबीती बताई। तब से गांव में युवक और उसकी लुटेरी दुल्हन चर्चा का विषय बनी हुई है। मजे की बात युवक ने शादी के बाद गांव में अपने दोस्तों को पार्टी भी दी थी। जिस पर उसके दोस्त भी उसका मजाक बना रहे हैं। युवक के साथ इससे पहले भी एक बार इस तरह की घटना हो चुकी है।
यह भी देखेंः महिला को ब्लैकमेल करने पर खाई जेल की हवा
50 हजार रुपये देने के बाद हरिद्वार में शादी की
मामला सरधना क्षेत्र का है। सरधना निवासी एक युवक हरिद्वार में नौकरी करता है। युवक के साथ काम करने वाले एक युवक ने उसकी शादी की बात एक महिला से कराई। शादी करवाने की एवज में युवक ने एक लाख की डिमांड की। बताया कि महिला के परिजनों को एक लाख रुपये देने होंगे। जिसके बाद ही वह युवक से शादी कराने के लिये राजी होंगे। युवक को महिला पहली ही नजर में पसंद आ गई, लेकिन उसे एक लाख की रकम ज्यादा लगी तो बात 50 हजार रुपये में पक्की हुई। बिचैलिया ने दोनो पक्षों से बातचीत कर पचास हजार रुपये में बात पक्की करा दी। युवक ने युवती के साथ हरिद्वार के एक मंदिर में शादी की और अपनी पत्नी को सरधना ले आया। शादी की रस्म में युवक के परिजन भी शामिल हुए।
गांव आकर दी दोस्तों को दावत
शादी की खुशी में युवक ने गांव में पहुंचकर अपने घर को रोशनी से सजवाया और डीजे आदि लगाकर गांव के युवकों को दावत भी दी। जाम के दौर चले और दोस्तों ने डीजे की धुन पर डांस भी किया। गांव की महिलाओं ने मुंह दिखाई की रस्म अदायगी भी की।
यह भी देखेंः अब गाजियाबाद में लव जिहाद के नाम मॉब लिंचिंग
चार दिन बाद बोली, मुझे घर ले चलो
सरधना में अपनी ससुराल रहने के चार दिन बाद दुल्हन ने युवक से अपने घर जाने की इच्छा जाहिर की। युवक ने बिचौलिये से बात की तो बिचौलिये ने कहा कि वह दुल्हन को उसके मायके ले जाए, डरने की कोई बात नहीं। युवक अपनी दुल्हन को लेकर उसके घर के लिए चल दिया। रास्ते में मुजफ्फरनगर बस पहुंची तो दुल्हन ने छेड़छाड़ का शोर मचाकर अपने ही पति को सवारियों से पिटवा दिया। भीड़ ने युवक की खूब पिटाई की। युवक ने लोगों से कहा कि महिला उसकी पत्नी है, लेकिन किसी ने उसकी एक नहीं सुनी और युवक को बस से नीचे उतार दिया। लुटा-पिटा युवक जब गांव पहुंचा और आपबीती बताई तो उसकी कहानी गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। लुटेरी दुल्हन के परिजनों ने थाना सरधना में युवक के परिजनों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस बारे में जब एसओ सरधना से बात की गई तो उन्होेंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हरिद्वार पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। बिचौलिये को भी बुलाया जा रहा है।
Published on:
25 Jul 2018, 8:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.