मेरठ। महिलाओं और किशोरियों के लिए मेरठ असुरक्षित होता जा रहा है। मुसीबत के समय महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाई गई हेल्पलाइन भी नकारा साबित हो रही है। इसी का परिणाम है कि एक अनपढ़ पिता अपनी पुत्री की तलाश में दर-दर की ठोकरें खा रहा है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उसकी पुत्री का कोई सुराग नहीं लग रहा। इतना ही नहीं पिता ने महिलाओं की सहायता के लिए प्रदेश में खुली हेल्पलाइन पर भी गुहार लगाई लेकिन कहीं से कोई उम्मीद न मिलती देख आज वह एसएसपी कार्यालय पर मोहल्ले के लोगों के साथ पहुंचा और प्रदर्शन करते हुए अपनी पुत्री की बरामदगी की मांग की।