
भाजपा नेता को घायल करके लूट लिया कैश, पार्टी के लोगों ने अपनी ही सरकार के लिए कह दी बड़ी बात
मेरठ। मेरठ में बढ़ते अपराध न तो भाजपा सरकार को दिखाई दे रहे हैं और न ही भाजपा नेताओं को, लेकिन जब भाजपा नेता बदमाशों के हाथों लुटे तो पुलिस अधिकारियों को मेरठ में जंगलराज की दुहाई दे डाली। आक्रोशित भाजपा नेता ने यह तक कह दिया यहां तो खुलेआम जंगलराज चल रहा है। ऐसे कैसे चलेगा थानेदार साहब। भाजपा नेता यह कहते हुए भूल गए कि इस समय देश और प्रदेश में तो भाजपा की सरकार है।
बदमाशों ने लूट के बाद घायल किया
अपाचे सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने हापुड़ रोड पर अल्लीपुर मोड़ स्थित भाजपा नेता के किराना स्टोर पर गन प्वाइंट पर करीब एक लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने विरोध करने पर किराना व्यापारी को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद भाजपाई थाने पहुंचे और प्रदेश के साथ-साथ मेरठ में जंगलराज की बात कह डाली। आक्रोशित भाजपाइयों ने कोतवाल को भी खरी-खोटी सुनाते हुए लूट के जल्द खुलासे की मांग की। गांव अल्लीपुर जिजमाना निवासी भाजपा नेता मनीष बंसल के भाई अमित बंसल की हापुड़-मेरठ रोड स्थित अल्लीपुर मोड़ पर किराने की दुकान है। वहां रात्रि करीब साढ़े नौ बजे हापुड़ की ओर से आई अपाचे बाइक दुकान के सामने रुकी। बाइक को मेन रोड पर खड़ी करके बाइक सवार तीन युवक दुकान पर पहुंचे तथा वहां बैठे अमित बंसल को दो बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद एक बदमाश ने गल्ले में रखे करीब एक लाख रुपये लूट लिए। आरोप है कि व्यापारी ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने तमंचे की बट से हमलाकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश मेरठ की ओर फरार हो गए थे।
पुलिस करीब एक घंटे बाद पहुंचने से गुस्सा
सूचना के करीब एक घंटे बाद थाना प्रभारी एएसपी अमित आनंद मौके पर पहुंचे थे। देर से पुलिस पहुंचने पर व्यापारी भड़क गए। इसी दौरान सीओ किठौर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने व्यापारी को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भर्ती कराया था। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में थाने में तहरीर दी। आक्रोशित भाजपाइयों ने पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे की मांग की।
Published on:
18 Jun 2018, 3:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.