उत्तर प्रदेश में विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बीच तंज कसने का सिलसिला जारी है। इस बीच सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर ट्वीट कर कटाक्ष किया है। अखिलेश ने मेरठ पुलिस स्टेशन की तस्वीर ट्वीट कर यूपी सरकार पर हमला बोला है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेरठ के मेडिकल थाने की फोटो ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘ऐसा पहली बार हुआ है इन पांच-छह सालों में सत्तापक्ष के लोगों का आना मना हुआ थानों में ये है उप्र की भाजपा सरकार का बुलंद इक़बाल!’ मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
भाजपा कार्यकर्ता शंभु पहलवान के अनुसार, इंचोली थाना क्षेत्र के मसूरी निवासूी पूजा की शादी 4 साल नौचंदी थाना क्षेत्र के वैशाली कॉलोनी निवासी अवधेश से हुई थी। अवधेश की गढ़ रोड पर मेडिकल थाना क्षेत्र में दुकान है। करीब 8 माह पहले अवधेश की बीमारी से मौत हो गई थी। आरोप है कि ससुर श्याम सिंह और देवर अनुज ने विवाहिता को घर से निकाल दिया और अवधेश की दुकान पर कब्जा कर लिया। इसी को लेकर विवाद हुआ। दुकान के विवाद को लेकर थाना मेडिकल कॉलेज पहुंचे भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की है। इस दौरान उन्होंने ‘भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में न आना मना है’ का बैनर लगा दिया। मामले की सुचना मिलने पर सीओ सिविल लाइंस देवेश सिंह मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा कर मामला शांत कराया गया और थाने से बैनर उतरवाया।
6 आरोपी गिरफ्तार
मामले में वीडियो फुटेज के आधार पर 6 लोगों की गिरफ्तारी की गई है व 10-15 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मेरठ के एसपी विनीत भटनागर का कहना है कि आगे इसमें विवेचना की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।