दुल्हा सनी अपनी दुल्हन पूनम को ब्याहकर खुशी-खुशी लाया। लेकिन शादी के 16 घंटे बाद सनी की हादसे में मौत से पूनम की दुनिया उजड़ गई।
जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थी। महिलाएं ढोलक बजाकर गीत गा रही थीं। वहां पर अब मातम छाया हुआ है। दुल्हन को फेरे लिए 16 घंटे बीते थे। अब अचानक से उसकी दुनिया उजड़ गई।
दुल्हन पूनम के साथ सात फेरे लेने वाले दूल्हे सनी की सड़क हादसे में मौत हो गई। शादी के 16 घंटे बाद पूनम का सुहाग उजड़ गया। दूल्हन अपनी सेज पर दूल्हे का इंतजार करती रह गई और वह उसे हमेशा के लिए छोड़कर चला गया।
मैनापूठी गांव निवासी कृष्णपाल के पुत्र सनी की रविवार रात हापुड़ के गांव गालंद निवासी पूनम से शादी हुई थी। सोमवार अलसुबह तीन बजे हंसी खुशी पूनम को विदा कराया गया।
सोमवार को दिनभर परिवार में शादी का जश्न मनाया जा रहा था। महिलाएं सोमवार शाम संगीत कार्यक्रम की तैयारी में जुटी थीं।
दुल्हा सनी अपने दोस्त के साथ सामान लेने सरधना गया था। देर शाम लौटते समय सनी और उसका दोस्त सड़क पर निर्माण कार्य के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ने से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। सनी को गंभीर हालात में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान सनी की देर रात मौत हो गई। हादसे से सनी और पूनम के परिवारों में मातम छा गया।