
श्मशान घाट में फेंके गए बोरे काे खोलती पुलिस और इकट्ठा हुए लोग
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ। एक महिला की दुस्साहसिक तरीके से निर्ममता हत्या कर दी गई। उसके शव के कई टुकड़े करके हत्यारों ने बोरे में भरे और उन्हे एक श्मशान घाट में फेंक दिया। इतना ही नहीं हत्यारे महिला की हत्या करके उसका धड़ अपने साथ ले गए। पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
घटना थाना लिसाड़ीगेट क्षेत्र के गांव बजोट के पास श्मशान घाट की है। यहां बोरे के भीतर एक महिला का कई हिस्सों में कटा शव मिला। बोरे के भीतर से लोगों को बदबू आ रही थी तभी लोगों ने बोरे में अंदर शव होने की आशंका के चलते डायल 112 पर फोन कर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोरे को खोला तो अंदर से महिला का टुकड़ों में शव मिला। उसके बाद लिसाड़ीगेट और परतापुर थाने को सूचना दी गई। परतापुर थाने से एएसपी कृष्ण विश्नोई और लिसाड़ीगेट से इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल मौके पर पहुंचे।
बोरे से शव को निकालकर देखा गया कि हाथ और पैर एवं शरीर के अन्य भागों के कई टुकड़े किए हुए थे। पहचान छिपाने के लिए महिला की गर्दन को आरोपी अपने साथ ले गए। एएसपी कृष्ण विश्नोई ने बताया कि घटना स्थल लिसाड़ीगेट का है। ऐसे में लिसाड़ीगेट पुलिस कार्रवाई कर रही है। शव इस तरह कटा हुआ है कि महिला की उम्र की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर पड़ताल कराई जा रही है। महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास इलाके के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं ताकि बोरे को वहां पर लाकर डालने वाले की पहचान की जा सकें।
साथ ही सभी थानों में महिला एवं लड़कियों की लापता होने की सूचनाएं खंगाली जा रही हैं। महिला की पहचान छिपाने के लिए आरोपित उसकी गर्दन काटकर चेहरा अपने साथ ले गए। साथ ही महिला के कपड़े भी उतार ले गए हैं। ऐसे में महिला की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती से कम नहीं है। सीसीटीवी और सर्विलांस के माध्यम से ही हत्यारोपित तक पुलिस पहुंच सकती है। महिला का डीएनए टेस्ट कराकर उम्र तस्दीक की जाएगी।
एसएसपी अजय साहनी ने कहा कि महिला के टुकड़ों में मिले शव की पहचान कराने के लिए टीम लगा दी गई हैं। पहचान होने के बाद हत्यारोपितों तक पुलिस पहुंच जाएगी। प्रथम जांच में महिला की रंजिशन हत्या का मामला सामने आ रहा है। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
Updated on:
26 Oct 2020 09:17 pm
Published on:
26 Oct 2020 09:12 pm

बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
