
मेरठ. लाखों रुपये की लग्जरी कारें जिनमें फार्च्यूनर, जगुआर, बीएमडब्लू के अलावा और भी नाम शामिल हैं। ये लग्जरी कारें इस समय मेरठ जिले के पीएसी 44 बटालियन में खड़ी खतरनाक सांपों को पाल रही हैं। कभी सड़कों पर इठलाती हुई फर्राटा भरती ये लग्जरी कारें आज कबाड़ हो चुकी हैं।
बाइक बोट घोटाले में बरामद हुई थी लग्जरी कारें
इन कारों को 3500 करोड़ रुपये से ज्यादा के बाइक बोट घोटाले के आरोपियों के पास से बरामद किया गया था। बरामद हुई मंहगी कारों को रूडकी रोड स्थित पीएसी की 44वीं वाहिनी पीएसी में स्थित आपराधिक अपराध शाखा (ईओडब्लू) में रखा गया है। 2018 में बाइक बोट घोटाला चर्चा में आया था। जिसमें उत्तरी भारत के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में 3500 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया था।
अभी भी फरार है घोटाले का मुख्य आरोपी
घोटाला बाइक टैक्सी के नाम पर निवेश कराने वाली कंपनी गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड के मालिक विजेंद्र सिंह हुड्डा ने किया था। जो कि अभी तक फरार चल रहा है। जबकि कंपनी के अन्य पार्टनर और अधिकारियों में से 22 को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इन लोगों ने लाखों लोगों की गाढ़ी कमाई डकार ली है।
कारों के भीतर पल रहे जहरीले सांप
कंपनी के गिरफ्तार घोटालेबाजों के पास से पुलिस ने जगुआर गाड़ी, फार्च्यूनर, बीएमडब्लू जैसी मंहगी लग्जरी कारें बरामद की थी। इनको ईओडब्ल्यू कार्यालय के बाहर खड़ा किया गया है। ये लग्जरी कारें अब ऊंची हरी घासों और झाड़ियों से पूरी तरह से ढक गई है। इन लग्जरी कारों में काफी संख्या में जहरीले सांप पल रहे हैं।
पुलिसकर्मियों के लिए बना खतरा
एसपी ईओडब्लू स्वप्निल ममगई ने बताया कि बाइक बोट घोटाले की जांच अभी चल रही है। बरामद हुई कारें कोर्ट की संपत्ति हैं। वहीं सांपों के कार में पलने की बात से उन्होंने अनभिज्ञता प्रकट की। लेकिन स्टाफ का कहना है कि इन महंगी लग्जरी कारों में विषधारी खतरनाक सांपों ने अपना घर बनाया हुआ है। इनमें से आए दिन करैत, कोबरा, घोड़ा पछाड़ जैसे सांप निकलते रहते हैं।
Published on:
21 Oct 2021, 12:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.