
Diwali 2018: धनतेरस के दिन इस मुहूर्त में करेंगे खरीदारी तो मां लक्ष्मी की रहेगी विशेष कृपा
मेरठ। हिन्दू वैदिक पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रियोदशी तिथि को धन-त्रियोदशी या धनतेरस के रूप में मनाया जाता है। इस बार धनतेरस का पर्व पांच नवम्बर सोमवार के दिन मनाया जायेगा। धनतेरस को समृद्धि प्रदान करने वाला दिन माना गया है, क्योंकि इस दिन समुद्र से भगवान धन्वंतरि अमृत से भरा स्वर्ण कलश और स्वर्ण रजत आभूषणों के साथ प्रकट हुए थे। भगवान धन्वंतरि के प्राकट्योत्सव के रूप में ही इस पर्व का नाम धन त्रियोदशी और धनतेरस पड़ा। धनतेरस का सम्बन्ध जीवन की धन और समृद्धि से जोड़ा गया है।
इन चीजों की करें खरीदारी
पंडित विभोर इंदुसुत के अनुसार इसीलिए धनतेरस के दिन नए बर्तन, सोना, चांदी और आभूषणों को खरीदना बहुत शुभ और समृद्धि देने वाला माना गया है। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार धनतेरस पर की गर्इ खरीदारी से घर की समृद्धि में तेरह गुना वृद्धि होती है, इसलिए धनतेरस पर नवीन वस्तुओं को घर में लाना बहुत ही शुभ और समृद्धि देने वाला माना गया है।
परमसिद्ध मुहूर्त भी है इस बार
ज्योतिषाचार्य के अनुसार धनतेरस का दिन एक परमसिद्ध मुहूर्त भी होता है अतः इस दिन नये कार्यों का आरंभ (ऑफिस ओपनिंग, नींवपूजन, गृहप्रवेश, नए घर की बुकिंग, बिजनेस डील आदि) और नए वाहन की खरीदारी भी बहुत शुभ मानी गयी है।
मुख्यद्वार पर रखें दीपक
धनतेरस का दूसरा महत्व यम दीपदान को लेकर है इस दिन संध्या के समय प्रदोषकाल में मुख्यद्वार पर यमराज के निमित्त दीप प्रज्वलित किया जाता है और स्वस्थ व दीर्घायु की कामना की जाती है धनतेरस के दिन संध्याकाल में यम-देव के निमित्त दक्षिण दिशा की और दीप प्रज्वलित करने से परिवार में अकाल मृत्यु और दुर्घटनाओं से रक्षा होती है तथा दीर्घायु प्राप्त होती है।
धनतेरस पर खरीददारी के शुभ मुहूर्त
पंडित विभोर इंदुसूत के अनुसार वैसे तो धन तेरस का पूरा दिन शुभ होता है, लेकिन इस दिन खास तौर पर स्थिर लग्न और शुभ चौघड़िया मुहूर्तों में खरीदारी करना बहुत शुभ होता है। इस बार पांच नवम्बर धनतेरस के दिन सुबह 9 बजे से 10.46 बजे के बीच खरीदारी के लिए बहुत शुभ समय होगा। इसमें स्थिर लग्न और शुभ चघड़िया मुहूर्त होगा। इसके बाद दोपहर 1.13 से शाम 5.25 के बीच भी स्थिर लग्न और चार लाभ अमृत के शुभ मुहूर्त होने से ये समय भी खरीदारी के लिए बहुत शुभ होगा, इसके बाद शाम को 6 बजे से 7.58 के बीच के बीच का समय भी स्थिर लग्न होने से खरीदारी के लिए शुभ होगा।
खरीदारी के शुभ मुहूर्त
सुबह 9 बजे से 10.46 बजे
दोपहर 1.13 से शाम 5.25 बजे
शाम 6 बजे से 7.58 बजे
धनतेरस पूजा का शुभ समय
पंडित विभोर इंदुसूत के अनुसार पांच नवम्बर धन तेहरस को शाम 6 बजे से 7.58 बजे के बीच स्थिर लग्न (वृष) रहेगी। इस समय में की गयी पूजा का फल अचल और हमेशा स्थिर रहने वाला होता है, इसलिए धनतेरस को शाम 6 से 7.58 के बीच धनतेहरस पूजा करें।
इस विधि से करें पूजा
अपने पूजास्थल में चावल या गेहूं की एक छोटी ढेरी बनाकर उस पर देसी घी का एक दिया जलाकर रखें फिर माता लक्ष्मी का ध्यान करते हुए तीन बार श्रीसूक्त का पाठ करें। इससे मां लक्ष्मी की कृपा होगी और आपके जीवन में समृद्धि बढ़ेगी।
Published on:
04 Nov 2018 10:54 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
