मेरठ। मेरठ के गंगानगर स्थित आईआईएमटी विवि की छात्रों ने नर्सिंग शिक्षा विभाग पर बड़े गंभीर आरोप लगाए है। नर्सिग छात्रों का कहना है कि उनके कालेज में पढऩे वाले सभी छात्रों को फेल कर दिया गया है। मात्र दो छात्रों को पास किया गया। इसको लेकर वे लोग विवि परिसर में धरने पर बैठे तो उनसे मारपीट की गई। विवि के बाउंसरों ने उनके साथ अभद्रता की। छात्राओं ने आरोप लगाए कि बाउंसरों ने छात्राओं को घसीटकर बाहर निकाल दिया। छात्रों ने विवि के गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनरत छात्रों का धरना समाप्त करने की बात कही तो छात्रों ने साफ मना कर दिया। उनका कहना था कि उन्हें अब इस विवि में पढ़ाई नहीं करनी है। वे अपनी फीस वापस लेना चाहते हैं। उनकी फीस वापस की जाए। उन्होंने जो डोनेशन दिया था वह भी वापस किया जाए।